
लखनऊ, 21 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर कर्तव्य की वेदी पर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर पुलिस कार्मिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृभूमि की रक्षा और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले अमर बलिदानियों का शौर्य सदैव स्मरणीय रहेगा। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों ने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। इन वीर जवानों की शहादत पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करती है तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है।
उन्होंने कहा कि कर्तव्य के प्रति शहीद पुलिसकर्मियों की अटूट निष्ठा, साहस और समर्पण राष्ट्रसेवा का मार्ग सदैव आलोकित करते रहेंगे। उनके बलिदान को देश कभी भुला नहीं सकता। मुख्यमंत्री ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों के प्रति भी सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।योगी ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में पुलिसकर्मी जिस साहस और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हैं, वह सभी के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि पुलिस के वीर जवानों का त्याग समाज और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च समर्पण का प्रतीक है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर पुलिस बल को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ नागरिकों की सेवा करते रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने शहीद पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए कहा कि उनका बलिदान राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।