लखनऊ फिल्म फेस्टिवल और ‘इमैजिनेरियम 2026’ का 23 अक्टूबर से होगा आयोजन

लखनऊ फिल्म फेस्टिवल और ‘इमैजिनेरियम 2026’ का 23 अक्टूबर से होगा आयोजन

लखनऊ, 21 अक्टूबर। राजधानी लखनऊ में 23 और 24 अक्टूबर को सिनेमा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और रचनात्मक तकनीक का संगम देखने को मिलेगा। अमरेन फाउंडेशन की पहल लखनऊ फिल्म फोरम की ओर से लखनऊ फिल्म फेस्टिवल सीजन-4 और ‘इमैजिनेरियम 2026’ का आयोजन गोमती नगर स्थित एसआरएस सिनेमा, द सिटी मॉल में किया जाएगा। दो दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश के फिल्मकारों, रचनात्मक विशेषज्ञों, शिक्षाविदों और युवा प्रतिभाओं को एक मंच पर लाया जाएगा।महोत्सव की केंद्रीय थीम ‘फ्रेमिंग ह्यूमैनिटी—खामोशी और अराजकता के बीच जन्म लेती हैं कहानियां’ रखी गई है। उत्तर प्रदेश पर्यटन के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सिनेमा, मीडिया, मनोरंजन और रचनात्मक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रदेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।

अमरेन फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष एवं महोत्सव निदेशक रेणुका टंडन के नेतृत्व में आयोजित इस पहल के जरिए स्थानीय कहानियों और प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के साथ युवाओं को नए कौशल तथा रोजगार की संभावनाओं से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।लखनऊ म्यूजियम ऑफ हेरिटेज एंड आर्ट (एलएमएचए) के सहयोग से इस पहल को छह महीने के सांस्कृतिक अभियान के रूप में भी विस्तार दिया जाएगा। इसके तहत नियमित साप्ताहिक फिल्म प्रदर्शन, परिचर्चाएं और कलात्मक संवाद आयोजित होंगे। वहीं, बीबीडी के सहयोग से होने वाला एआई हैकाथॉन युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के रचनात्मक और व्यावहारिक इस्तेमाल से परिचित कराएगा।

महोत्सव में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता चौहान, प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, अमृत अभिजात, नवनीत सहगल, न्यायाधीश संजय मिश्रा और संतोष ओझा सहित कई विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति प्रस्तावित है। ‘इमैजिनेरियम 2026’ महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा। इसमें एआई, एनीमेशन, गेमिंग और डिजिटल स्टोरीटेलिंग की बदलती दुनिया पर केंद्रित सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य युवा रचनाकारों को तकनीकी नवाचार और उभरते करियर विकल्पों से परिचित कराना है।तहज़ीब खुराना द्वारा तैयार विशेष खंड में चुनिंदा पोलिश एनीमेशन फिल्मों का प्रदर्शन होगा। इसके बाद पोलैंड से जुड़े दो प्रतिष्ठित निर्देशकों के साथ लाइव प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया जाएगा।

राजेश भाटिया द्वारा तैयार एआई हैकाथॉन और मास्टरक्लास में युवा प्रतिभागियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता के रचनात्मक इस्तेमाल और व्यावहारिक प्रयोगों की जानकारी दी जाएगी। वैभव कुमारेश की फिल्म ‘रिटर्न ऑफ द जंगल’ के निर्माण पर विशेष मास्टरक्लास भी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit