
नयी दिल्ली, 21 अक्टूबर । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मणिपुर में हुई हिंसा की ताज़ा घटनाओं में चार नागरिकों की हत्या के लिए केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह से जवाब देने की मांग की हैं।श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि भाजपा की अक्षमता के कारण मणिपुर में फिर हिंसा हो रही है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मई 2023 से अब तक 300 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और 24,530 लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं, बच्चे और कमजोर परिवार इस लंबे संकट का खामियाजा भुगत रहे हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि तीन साल से अधिक समय बीतने, 300 से ज्यादा लोगों की मौत, राष्ट्रपति शासन और मुख्यमंत्री बदलने के बावजूद शासन की इस विफलता की जिम्मेदारी कौन लेगा और प्रधानमंत्री तथा गृह मंत्री कार्रवाई करने से पहले कितनी और निर्दोष जानें जाने का इंतजार करेंगे।उन्होंने कहा कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीमावर्ती राज्य मणिपुर को न्याय, सम्मान, संवैधानिक अधिकार और स्थायी शांति मिलनी चाहिए तथा उसकी सुरक्षा और स्थिरता को भाजपा की राजनीतिक सुविधा के अधीन नहीं रखा जा सकता।