कानपुर में कार की छत पर युवक को घसीटने के मामले में हत्या की धारा बढ़ी, दो आरोपी गिरफ्तार

कानपुर में कार की छत पर युवक को घसीटने के मामले में हत्या की धारा बढ़ी, दो आरोपी गिरफ्तार

कानपुर, 22 अक्टूबर। कानपुर नगर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में युवक वीरू सिंह की मौत के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त कार फतेहपुर जिले के जहानाबाद क्षेत्र से बरामद की गई है। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 भी बढ़ाई है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने गुरुवार को यहां पत्रकारों को बताया कि 20 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे नौबस्ता-हमीरपुर मार्ग पर तेज गति से जा रही एक होंडा कार की टक्कर से वीरू सिंह घायल हो गए थे। आरोप है कि टक्कर के बाद वह कार के बोनट और छत पर आ गए, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और उन्हें करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिनके कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में मृतक के भाई कमलदीप ने 21 अक्टूबर को हनुमंत विहार थाने में तहरीर दी थी। इसके आधार पर मुकदमा संख्या 251/2026 में बीएनएस की धारा 281, 125(बी) और 106(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में परिजनों ने हत्या किए जाने के संबंध में अलग से प्रार्थना पत्र दिया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई गई तथा धारा 105 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।पुलिस ने इस मामले में पवन यादव उर्फ मेवालाल और दिलीप कुमार सविता को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

उधर, घटना से आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने और सभी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नौबस्ता-सागर हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया। कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के प्रार्थना पत्र में उल्लिखित तथ्यों को विवेचना में शामिल किया गया है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit