
पुणे, 22 अक्टूबर। प्रमुख वैन निर्माता फोर्स मोटर्स लि ने पुराने और इस्तेमाल के लायक नहीं रह गये वाहनों की सही तरीके से स्क्रैपिंग को बढ़ावा देने के लिए अपने ग्राहकों को अधिकृत वाहन स्क्रैपिंग केंद्रों से जोड़ने में मदद करने की पहल शुरू की है।कंपनी की गुरुवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि रोस्मर्टा ऑटो रीसाइक्लिंग प्राइवेट लिमिटेड के साथ साझेदारी के जरिए फोर्स मोटर्स दिल्ली-एनसीआर में ग्राहकों के लिए अधिकृत वाहन स्क्रैपिंग तक पहुंच आसान बनायेगी। कंपनी ने इस क्षेत्र में कमर्शियल व्हीकल रिप्लेसमेंट स्कीम को सहयोग देने के लिए सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है।
कंपनी ने कहा है कि वह दिल्ली-एनसीआर से इस पहल की शुरुआत करके देश के दूसरे हिस्सों में भी ऐसी साझेदारियों की संभावनाएं तलाशेगी, ताकि ज्यादा ग्राहकों को अधिकृत स्क्रैपिंग की सुविधा मिले और पुराने वाहनों को नियम के मुताबिक हटाने का चलन बढ़े।फोर्स मोटर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक प्रसन फिरोदिया ने कहा, “एक जिम्मेदार वाहन निर्माता के तौर पर हम मानते हैं कि वाहन की उम्र पूरी होने पर उसे कैसे हटाया जाता है, यह भी मायने रखता है। इस पहल से हम ग्राहकों के लिए अधिकृत स्क्रैपिंग की सुविधा आसान बनाना चाहते हैं। साथ ही हमारी कोशिश पुराने वाहनों से कीमती सामग्री की रिकवरी को बढ़ावा देने की है। संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल और वाहन के पूरे जीवनचक्र में जिम्मेदार प्रक्रियाओं को अपनाने की दिशा में यह एक और व्यावहारिक कदम है।”
इसके तहत फोर्स मोटर्स के जिन ग्राहकों के वाहन तय शर्तें पूरी करते हैं, उन्हें रोस्मर्टा की रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी तक पहुंच मिलेगी। यहां वाहनों के जरूरी दस्तावेज तैयार करने, प्रदूषण फैलाने वाले पदार्थों को सुरक्षित तरीके से हटाने और वाहनों के पुर्जे अलग करने की प्रक्रिया पूरी की जायेगी। इसके अलावा रीसाइकल हो सकने वाली सामग्री को अलग कर उसकी रिकवरी की जायेगी। जहां लागू होगा, वहां सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट सहित पिंग से जुड़े दस्तावेज भी जारी किये जायेंगे।