
मुंबई, 22 अक्टूबर । जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रथम सार्वजनिक शेयर निर्गम (आईपीओ) में दूसरे दिन गुरुवार को निवेशकों का जबरदस्त उत्साह दिखा और शाम सात बजे तक की सूचना के अनुसार इस निर्गम में आकार से 5.57 गुना शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हो चुकी थीं।कंपनी के सूत्रों के अनुसार दो दिनों में इस निर्गम में आवेदनों की संख्या 75 लाख पार कर गयी है। बड़े संस्थागत निवेशकों (क्यूआईबी) की श्रेणी 13.29 गुना बोलियां लग चुकी हैं जबकि खुदरा श्रेणी में 1.54 गुना आवेदन आ गये हैं। इस निर्गम के पहले दिन कुल सब्सक्रिप्शन 3.16 गुना हुआ था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गैर-एंकर निवेशकों के लिए उपलब्ध 19.75 करोड़ शेयरों के मुकाबले 110 करोड़ से ज्यादा शेयरों के लिए बोलियां आयी। इन बोलियों की कुल रकम करीब 1.23 लाख करोड़ रुपये रही। इससे पहले एंकर निवेशकों से भी करीब 2.50 लाख करोड़ रुपये की बोलियां मिली थीं। इस तरह एंकर और गैर-एंकर निवेशकों की कुल बोलियां करीब 3.73 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गयी हैं।
जियो के इस आईपीओ में गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईअइा्र) की श्रेणी में बोलियां 5.97 गुना तक पहुंच चुकी हैं। रिलायंस के कर्मचारियों के कोटे के अंतर्गत 2.10 गुना और शेयरधारक कोटे के तहत 4.05 गुना बोलियां लग चुकी हैं।दूसरे दिन खास तौर पर एनआईआई और रिलायंस शेयरहोल्डर श्रेणी में मांग तेजी से बढ़ी। पहले दिन एनआईआई श्रेणी 1.68 गुना और शेयर धारक कोटा 1.46 गुना सब्सक्राइब हुआ था। दूसरे दिन ये आंकड़े बढ़कर क्रमशः 5.97 और 4.05 गुना पहुंच गये।
देश के अब तक के सबसे बड़े 30,213 करोड़ रुपये के जियो के आईपीओ के लिए 23 अक्टूबर तक बोलियां लगायी जा सकती हैं।