जियो का आईपीओ 22 गुना से अधिक सबस्क्राइब हुआ

जियो का आईपीओ 22 गुना से अधिक सबस्क्राइब हुआ

नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर। रिलायंस इंडस्ट्रीज की दूरसंचार इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स के प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 22 गुना से अधिक बोली प्राप्त हुई है।जियो का आईपीओ 21 अक्टूबर को खुला था और शुक्रवार 23 अक्टूबर को बोली लगाने की समय-सीमा समाप्त हो गई। शेयर बाजार बीएसई से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आईपीओ में उपलब्ध 19,75,25,934 शेयरों के लिए कुल 4,38,26,15,568 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। इस प्रकार आईपीओ को 22.19 गुना सबस्क्रिप्शन मिला है।

देश के अब तक के सबसे बड़े 30,213 करोड़ रुपये के जियो के आईपीओ के लिए मूल्य का दायरा 1,065 रुपये से 1,119 रुपये रखा गया था और 12 शेयरों का लॉट तय किया गया था। इसमें करीब 8,110 करोड़ रुपये के शेयर एंकर निवेशकों को आवंटित किए जा चुके हैं। उन्हें 19 अक्टूबर को आवंटन किया गया था।जियो के आईपीओ में पात्र संस्थागत निवेशकों ने सबसे ज्यादा रुचि दिखाई। उनके लिए आरक्षित 4,90,07,827 शेयरों के लिए 70.55 गुना बोलियां प्राप्त हुईं। गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित 3,64,44,569 शेयरों के लिए 14 गुना बोलियां मिलीं।

खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित 8,50,37,327 शेयरों के लिए 2.72 गुना सबस्क्रिप्शन प्राप्त हुआ। कंपनी के कर्मचारियों के लिए 46,94,835 शेयर आरक्षित थे जिनके लिए 2.93 गुना बोलियां मिलीं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों के लिए 2,23,41,376 शेयर आरक्षित थे जिनके लिए 7.60 गुना सबस्क्रिप्शन मिले हैं।इस बीच, जियो के आईपीओ ने देश का सबसे बड़ा आईपीओ होने के साथ ही कई और कीर्तिमान बनाए। आईपीओ खुलते ही महज 100 मिनट के भीतर शत-प्रतिशत सबस्क्रिप्शन का आंकड़ा पार हो गया। अंतिम दिन एक और उपलब्धि उस समय हासिल हुई जब पहली बार किसी आईपीओ के लिए एक करोड़ से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। कुल 1.38 करोड़ से अधिक आवेदन मिले हैं।

एंकर और गैर-एंकर निवेशकों की कुल बोलियां करीब 7.40 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गयी। इनमें गैर-एंकर निवेशकों से करीब 4.90 लाख करोड़ और एंकर निवेशकों से करीब 2.50 लाख करोड़ की मांग शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit