
इटावा, 23 अक्टूबर । समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने पार्टी प्रवक्ता राजकुमार भाटी के हिंदू धर्मावलंबियों को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान को अनुशासनहीनता के दायरे में रखा है। उन्होंने कहा कि इस तरह का बयान नहीं दिया जाना चाहिए था और इस मामले में कार्रवाई का निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे।शिवपाल सिंह यादव शुक्रवार को सैफई के क्षेत्र पंचायत कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर पत्नी सरला यादव के साथ शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव में मतदान करने पहुंचे थे। मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वह ईश्वर में विश्वास रखते हैं और समाजवादी पार्टी में भी ईश्वर को मानने वाले लोग हैं। राजकुमार भाटी को इस तरह का बयान देने से पहले पार्टी नेतृत्व से बात करनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा कि यह अनुशासनहीनता का मामला है और आगे क्या कार्रवाई होगी, इसका फैसला अखिलेश यादव करेंगे।शिवपाल सिंह यादव ने विधान परिषद चुनाव में सपा के दोनों प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। उन्होंने मतदाता सूची में गड़बड़ी और कई मतदाताओं के वोट नहीं पड़ पाने की शिकायतों पर चिंता जताते हुए कहा कि जहां भी अनियमितता हुई है, वहां जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
सपा महासचिव ने कहा कि कई स्थानों पर फार्म भरकर देने के बावजूद मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सके। उनके अनुसार, यह प्रशासनिक स्तर पर हुई गड़बड़ी है और इसमें कहीं न कहीं बेईमानी हुई है। उन्होंने मतदाता सूची की त्रुटियों की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही मतदाताओं से भी सतर्क रहने की अपील की।वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिहाज से विधान परिषद चुनाव के महत्व के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि इसका आगामी विधानसभा चुनाव पर बहुत अधिक असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन में केवल पंजीकृत स्नातक मतदाता ही हिस्सा लेते हैं, जबकि आम चुनाव में सभी पात्र मतदाता मतदान करते हैं। हालांकि, उन्होंने सपा के दोनों प्रत्याशियों की जीत का दावा दोहराया।
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के बयानों के बारे में पूछे जाने पर शिवपाल ने कहा कि वह उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते और दूसरे लोगों को भी ऐसा नहीं करना चाहिए।