
वाराणसी, 23 अक्टूबर । प्रधानमंत्री एवं काशी के सांसद नरेंद्र मोदी के 25 अक्टूबर को प्रस्तावित वाराणसी आगमन पर भाजपा महानगर की ओर से पुलिस लाइन से नमो घाट तक आठ प्रमुख स्थलों पर भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है। इस दौरान पुष्पवर्षा, शंखनाद, डमरू वादन और ढोल-नगाड़ों के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया जाएगा।भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में स्वागत कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। उन्होंने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा आपसी समन्वय, अनुशासन और समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पुलिस लाइन (उमा नेत्रालय), पुलिस लाइन मोड़, संस्कृत संकुल, लकड़ी मंडी तिराहा, गोलगड्डा तिराहा, कज्जाकपुरा, भदऊ चुंगी मोड़ और नमो घाट मोड़ पर विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। इन स्थलों पर प्रदेश सरकार के मंत्रियों, महापौर, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के नेतृत्व में कार्यकर्ता स्वागत करेंगे।श्री अग्रहरि ने कहा कि काशी की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के अनुरूप प्रधानमंत्री का अभिनंदन भव्य और यादगार बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। भाजपा महानगर की योजना काशी की सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी को स्वागत कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदर्शित करने की है।