
मुंबई, 23 अक्टूबर। दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार प्रभास के जन्मदिन पर फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी 2’ के निर्माताओं ने प्रशंसकों को खास तोहफा दिया है। निर्माताओं ने एक विशेष वीडियो जारी किया है, जिसमें प्रभास एक बार फिर भैरव के किरदार में नजर आ रहे हैं। इस झलक ने फिल्म के अगले भाग को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए निर्माताओं ने प्रभास को ‘इंडियन सिनेमा का सुपरहीरो’ और ‘हर पीढ़ी का चहेता’ बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। वीडियो में प्रभास की फिल्म के सेट पर वापसी की झलक दिखाई गई है। इसमें निर्देशक नाग अश्विन उन्हें एक दृश्य के लिए निर्देश देते नजर आ रहे हैं। पर्दे के पीछे की यह झलक फिल्म की तैयारियों और सीक्वल की दुनिया की एक छोटी सी झलक पेश करती है।
वर्ष 2024 में रिलीज हुई ‘कल्कि 2898 एडी’ में प्रभास ने भैरव का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। उनके किरदार का मजेदार अंदाज, दमदार स्वैग और एक्शन फिल्म के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहे। भारतीय पौराणिक कथाओं और भविष्य की काल्पनिक दुनिया के अनूठे मेल ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा था।नाग अश्विन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में प्रभास के साथ अमिताभ बच्चन, कमल हासन, दीपिका पादुकोण और दिशा पटानी ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म की कहानी भविष्य की एक ऐसी दुनिया पर आधारित है, जहां भगवान विष्णु के दसवें अवतार कल्कि के आगमन की प्रतीक्षा की जा रही है। फिल्म में पौराणिक मान्यताओं और विज्ञान-कथा का अनूठा संयोजन देखने को मिला था।
फिल्म की सफलता के बाद इसके अगले भाग को लेकर दर्शकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। हालांकि, ‘कल्कि 2898 एडी 2’ की कहानी और रिलीज की तारीख से जुड़ी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।प्रभास के जन्मदिन पर जारी इस विशेष वीडियो ने प्रशंसकों के बीच भैरव की वापसी को लेकर उत्साह बढ़ा दिया है। अब दर्शकों को यह देखने का इंतजार है कि सीक्वल में भैरव का किरदार किस नए अंदाज में सामने आएगा और कहानी आगे क्या मोड़ लेगी।