
लखनऊ, 24 अक्टूबर। सर्दियों के दौरान कोहरे और कम दृश्यता के चलते होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने कमर कस ली है। यूपीडा ने प्रदेश के पांच प्रमुख एक्सप्रेसवे पर शीतकालीन सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। सभी जरूरी इंतजाम 31 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।यूपीडा की ओर से आगरा-लखनऊ, पूर्वांचल, बुंदेलखंड, गोरखपुर लिंक और गंगा एक्सप्रेसवे पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। कोहरे के दौरान कम दृश्यता से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए इन एक्सप्रेसवे पर निगरानी बढ़ाने के साथ आपातकालीन सेवाओं को भी मजबूत किया जाएगा।
सर्दियों के दौरान सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक नवंबर से 15 फरवरी तक एक्सप्रेसवे पर विशेष गति सीमा लागू रहेगी। कोहरे और दृश्यता की स्थिति के अनुसार वाहनों की गति सीमा कम की जाएगी। निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कोहरे के दौरान एक्सप्रेसवे पर विशेष कोहरा गश्ती दल तैनात किए जाएंगे। ये दल लगातार पेट्रोलिंग कर दुर्घटना संभावित स्थानों पर निगरानी रखेंगे और जरूरत पड़ने पर वाहन चालकों को सतर्क करेंगे। किसी हादसे या वाहन के खराब होने की स्थिति में तत्काल मदद पहुंचाने के लिए आपातकालीन सेवाओं को भी सक्रिय रखा जाएगा।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सर्दियों के मद्देनजर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कोहरे और कम दृश्यता से निपटने के लिए अतिरिक्त तैयारियां की जा रही हैं। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाएगी।वहीं, गंगा एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सुरक्षा तैयारियां की जा रही हैं। यूपीडा ने संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। यूपीडा का जोर सर्दियों के दौरान एक्सप्रेसवे पर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने, कोहरे में वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और हादसे की स्थिति में यात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर है।