
नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को उत्तर प्रदेश और ओडिशा के दौरे पर रहेंगे।प्रधानमंत्री वाराणसी में अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ कार्यक्रम में एयर फोर्स डे एरियल डिस्प्ले-2026 देखेंगे। ओडिशा के भुवनेश्वर में वह भारतीय रिजर्व बैंक के नए डेटा सेंटर और साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन करेंगे और सभा को संबोधित करेंगे।वाराणसी में स्थापित नई गारमेंट फैक्ट्री का उद्देश्य देश के टेक्सटाइल और परिधान विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती देना और क्षेत्र में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना है। आधुनिक विनिर्माण प्रक्रियाओं पर केंद्रित यह इकाई रोजगार के अवसर पैदा करेगी, खासकर महिलाओं के लिए। वैश्विक ग्राहकों से जुड़ी इस पहल के जरिए वाराणसी में निर्मित उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचेंगे। यह परियोजना महिला नेतृत्व वाले विकास और उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश की बढ़ती भूमिका को भी रेखांकित करती है।प्रधानमंत्री दोपहर में वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के एरियल डिस्प्ले-2026 में मुख्य अतिथि होंगे। ‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर आयोजित यह कार्यक्रम भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में होगा। इसमें स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस, हल्का लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंड, सुखोई-30 और राफेल लड़ाकू विमान सहित परिवहन विमान हिस्सा लेंगे। भारतीय नौसेना और सेना के विमान भी संयुक्त परिचालन क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।एयर शो में भारतीय वायुसेना की प्रमुख प्रदर्शन टीमें सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम भी हिस्सा लेंगी। प्रदर्शन के दौरान सटीक उड़ान, आपसी समन्वय और परिचालन दक्षता का प्रदर्शन किया जाएगा।इसके बाद श्री मोदी ओडिशा के भुवनेश्वर पहुंचेंगे। शाम को वह भारतीय रिजर्व बैंक के नवनिर्मित डेटा सेंटर और साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का उद्घाटन करेंगे। इन सुविधाओं को बैंक की कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करने और बैंकिंग तथा वित्तीय क्षेत्र के लिए सुरक्षित, मजबूत और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप डिजिटल ढांचा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।डेटा सेंटर परिसर में चार अत्याधुनिक डेटा सेंटर होंगे, जहां भुगतान और निपटान प्रणालियों सहित महत्वपूर्ण डिजिटल सेवाओं का संचालन किया जाएगा। इस सुविधा को अपटाइम इंस्टीट्यूट के टियर-4 मानक का प्रमाणन मिला है, जिसे डेटा सेंटर के बुनियादी ढांचे और परिचालन मजबूती के लिए वैश्विक मानक माना जाता है। यह बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा क्षेत्र की दुनिया की सबसे बड़ी टियर-4 प्रमाणित सुविधाओं में शामिल है।भुवनेश्वर में स्थापित साइबर सिक्योरिटी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट का उद्देश्य साइबर सुरक्षा और एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में प्रशिक्षण, शोध और विशेषज्ञ क्षमताओं का विकास करना है। संस्थान बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा क्षेत्र से जुड़ी अत्याधुनिक तकनीकों पर ध्यान केंद्रित करेगा। इनमें क्वांटम कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित उभरती प्रौद्योगिकियां शामिल हैं। बैंक के अनुसार, ये दोनों सुविधाएं डिजिटल वित्तीय सेवाओं की पहुंच, दक्षता और विश्वसनीयता बढ़ाने में योगदान देंगी।