मोदी, राजनाथ और योगी रविवार को काशी में एयर शो में होंगे शामिल

मोदी, राजनाथ और योगी रविवार को काशी में एयर शो में होंगे शामिल

वाराणसी, 24 अक्टूबर । भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में काशी में आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो के अंतिम दिन रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को काशी पहुंच चुके हैं।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अक्टूबर को पूर्वाह्न करीब 10 बजे वाराणसी हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से मिर्जामुराद जाएंगे, जहां अरविंद मिल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचेंगे और सड़क मार्ग से नमोघाट जाएंगे। यहां गंगा के ऊपर आयोजित भारतीय वायुसेना के भव्य एयर शो में शामिल होंगे।

श्री चौरसिया ने बताया कि प्रधानमंत्री के आगमन पर पुलिस लाइन से नमोघाट तक विभिन्न निर्धारित स्थलों पर भाजपा कार्यकर्ता और काशीवासी उनका स्वागत करेंगे। इस दौरान गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा, पारंपरिक वाद्ययंत्रों के वादन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए अभिनंदन किया जाएगा। पार्टी ने अलग-अलग स्थानों पर स्वागत की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को सौंपी है।उन्होंने बताया कि पुलिस लाइन के मुख्य द्वार और चौराहे, खजुरी-मकबूल आलम रोड, नमोघाट मोड़ स्थित सीएनजी स्टेशन के सामने स्वागत केंद्र बनाए गए हैं। नमोघाट पर भी स्वागत की विशेष व्यवस्था की गई है। श्री चौरसिया के अनुसार, नमोघाट पर एयर शो दोपहर करीब दो बजे समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से पुलिस लाइन पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा बाबतपुर हवाई अड्डे जाएंगे और फिर विमान से दिल्ली रवाना होंगे।

‘विंग्स ओवर गंगा’ थीम पर आयोजित एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, मिग-29, जगुआर और स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस सहित कुल 100 विमान हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक ऐतिहासिक विमान शामिल हैं। इन विमानों का संचालन देश के 12 वायु अड्डों से किया जा रहा है।भारतीय वायुसेना का यह आयोजन ‘सटीक, अभेद्य और अचूक’ संदेश के साथ देश की हवाई ताकत, आधुनिक तकनीक और वायु योद्धाओं के कौशल का प्रदर्शन कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit