
लखनऊ, 25 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि गठबंधन से भारतीय जनता पार्टी के पेट में दर्द हो रहा है। भाजपा इतना डर गयी है कि नकली पोस्टर लगा रही है।श्री अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के नगर निगम उच्चाधिकारियों को निलंबित कर देना चाहिए क्योंकि कुछ लोग बिना पैसा जमा किये सरेआम पोस्टर लगवा रहे हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। या तो इसका आधार भ्रष्टाचार है या शासन का दबाव। इन अज्ञात पोस्टरों को जब चोरी-छिपे लगाया जाता है तो स्थानीय राजस्व की हानि भी होती है, क्योंकि ऐसे पोस्टर बिना शुल्क के लगाए जाते हैं क्योंकि अगर शुल्क का आधिकारिक रूप से भुगतान किया गया तो भुगतान की रसीद भी काटनी पडेगी, ऐसे में साजिशकर्ता का नाम बाहर आ जाएगा और वो पकड़ा जाएगा। राजस्व की इस हानि का खामियाजा संबद्ध अधिकारियों से भरवाना चाहिए और उनके खिलाफ जाँच बैठाकर निलंबित भी कर देना चाहिए।
श्री यादव ने कहा कि ऐसी जितनी भी घटनाएं हो रहीं हैं हम उनका तारीखवार रिकार्ड रख रहे हैं और ये रिकॉर्ड भी रख रहे हैं कि इस समय कौन सा अधिकारी इसके लिए जिम्मेदार था। पीडीए सरकार आ रही है अब वही इन भ्रष्ट अधिकारियों का सारा कच्चा-चिट्ठा खोलेगी। ईडी-सीबीआई से लेकर ईओडब्लू तक सबको सक्रिय करके, इन सब भ्रष्ट अधिकारियों का पक्का हिसाब-किताब किया जाएगा।