अयोध्या में राम मंदिर दर्शन की व्यवस्था में एक नवम्बर से बदलाव

अयोध्या में राम मंदिर दर्शन की व्यवस्था में एक नवम्बर से बदलाव

अयोध्या 25 अक्टूबर। श्री राम मंदिर में विराजमान रामलला सरकार के दर्शन अब राम भक्तों को अधिक समय तक मिलेगा, राम मंदिर अब अधिक समय तक खुला रहेगा। ऋतु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर में विराजमान प्रभु श्रीरामलला सरकार की दैनिक पूजा, आरती, भोग, विश्राम एवं दर्शन की समय-सारणी में संशोधन किया गया है। नयी व्यवस्था एक नवम्बर 2026 से लागू होगी।वर्तमान में मन्दिर के पट प्रातः 3:45 बजे खुलते हैं और रात्रि 10:30 बजे बन्द होते हैं। नयी दिनचर्या में यह समय क्रमशः प्रातः चार बजे और रात्रि 10 बजे होगा।

प्रातः चार बजे पट खुलने के बाद 4:30 से 4:40 बजे तक मंगला आरती होगी। इसके उपरान्त प्रातः 4:40 से 6:30 बजे तक अभिषेक, श्रृंगार, धूप-दीप एवं नैवेद्य के लिये पट बन्द रहेंगे। प्रातः 6:30 बजे श्रृंगार आरती होगी तथा सात बजे से श्रद्धालुओं के दर्शन प्रारम्भ होंगे।प्रातः 8:00 से 8:10 बजे तक बालभोग के लिये पट बन्द रहेंगे। इसके बाद दर्शन 11:30 बजे तक जारी रहेंगे। 11:30 से दोपहर 12 बजे तक राजभोग तथा 12 बजे राजभोग आरती होगी। दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक श्रीरामलला का विश्राम रहेगा। इसके उपरान्त पुजारी प्रवेश एवं अल्पभोग की प्रक्रिया होगी और 1:35 बजे से दर्शन पुनः प्रारम्भ होंगे।

सायं 4:00 से 4:10 बजे तक बालभोग के लिये पट बन्द रहेंगे। इसके बाद दर्शन सायं 6:45 बजे तक होंगे। 6:45 से सात बजे तक धूप-दीप एवं नैवेद्य के उपरान्त सायं सात बजे संध्या आरती होगी। रात्रि 8:00 से 8:30 बजे तक तथा 9:15 से 9:30 बजे तक धूप-दीप एवं नैवेद्य के लिये पट बन्द रहेंगे। शेष निर्धारित अवधि में दर्शन जारी रहेंगे। रात्रि 9:30 बजे शयन आरती होगी तथा 10 बजे मन्दिर के पट बन्द कर दिये जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit