खरगे की मोदी पर ‘अमर्यादित’ टिप्पणी को लेकर भाजपा नेतृत्व की तीखी प्रतिक्रिया, कांग्रेस का वैचारिक दिवालियापन बताया

खरगे की मोदी पर ‘अमर्यादित’ टिप्पणी को लेकर भाजपा नेतृत्व की तीखी प्रतिक्रिया, कांग्रेस का वैचारिक दिवालियापन बताया

नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पटना में की गयी एक टिप्पणी को अमर्यादित करार देते हुए इसे ‘कांग्रेस का वैचारिक दिवालियापन” बताया।पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन, वरिष्ठ नेता अमित शाह और शिवराज सिंह चौहान ने श्री खरगे के बायान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सार्वजनिक मंच से बयान और भाषणों में प्रधानमंत्री मोदी के स्वर्गीय परिजनों को घसीटना कांग्रेस सहित पूरे विपक्ष का संस्कार बन गया है।

भाजपा अध्यक्ष श्री नवीन ने श्री खरगे की टिप्पणी को मर्यादाहीन बताते हुए कहा, ‘आज पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की देश के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के प्रति जिस प्रकार की अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग किया गया है, वह कांग्रेस के वैचारिक दिवालियापन को दर्शाता है।’उन्होंने कहा, ‘राजनीतिक विरोध की भी एक गरिमा होती है, लेकिन सार्वजनिक मंच से स्वर्गीय परिजनों को भाषणों में घसीटना ही अब राहुल गांधी और समूचे विपक्ष का असली ‘संस्कार’ बन चुका है। यह खरगे जी का व्यक्तिगत बयान नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस की शिष्टाचार-विहीन सोच का प्रकटीकरण है।’

उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास देश के विकास, नीति और जनकल्याणकारी योजनाओं पर बहस करने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचता है तो वह इसी प्रकार की हताशा और व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेता है।भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘ देश की जनता इस अमर्यादित राजनीति को भली-भांति देख रही है और समय आने पर इसका करारा जवाब देगी।’

श्री अमित शाह ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा, ‘ कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं।” उन्होंने कहा, ‘ यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहा, तो कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है।”श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बीते 12 वर्षों से लगातार चुनावी हार का सामना करते करते कांग्रेस की हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है। जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है।

उन्होंने कहा कि श्री मोदी और उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियों का जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है, और इस टिप्पणी का भी कांग्रेस को जवाब मिलेगा।केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के चरित्र में अपने (प्रथम) परिवार के अलावा दूसरों का अपमान करना समाया हुआ है। उन्होंने कहा कि हार की बौखलाहट में कांग्रेस मर्यादा और शालीनता भूल गई है। उन्होंने कांग्रेस नेता श्री राहुल गांधी और श्रीमती सोनिया गांधी से श्री खरगे के बयान का जवाब देने की मांग करते हुए हुए पूछा कि क्या श्री खरगे ने उनके कहने से श्री मोदी के विरुद्ध यह टिप्पणी की। उन्होंने तीखे शब्दों में कहा कि गांधी परिवार प्रधानमंत्री पद को अपनी बपौती समझता था।

श्री चौहान ने कहा कि दिवंगत आत्मा के प्रति सम्मान हमारी सभ्यता, संस्कृति और संस्कार हैं। प्रधानमंत्री के पूज्य पिताजी के लिए ऐसी भाषा भारतीय संस्कृति और परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया क्या श्री खरगे उसके अध्यक्ष पद के लायक हैं या पार्टी उनसे त्यागपत्र के लिए कहेगी।श्री चौहान ने कहा कि श्री मोदी ने देशवासियों के दिल में जगह बनायी है वह देश के गौरव हैं । उनका अपमान कर जनता का दिल नहीं जीता जा सकता, कांग्रेस घृणा की पात्र बन रही है।

गौरतलब है कि श्री खरगे ने रविवार को पटना में एक कार्यक्रम के दौरान एक श्रोता की श्री मोदी के समर्थन में की गयी टिप्पणी पर आपे से बाहर हो गये और श्री मोदी के पिता को जोड़ते हुए एक टिप्पणी कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit