‘रामायणम्’ का गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज, श्रीराम और माता सीता के दिव्य प्रेम की झलक

‘रामायणम्’ का गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज, श्रीराम और माता सीता के दिव्य प्रेम की झलक

मुंबई, 25 अक्टूबर। फिल्म निर्माता नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ का नया गाना ‘मंगल रंग’ रिलीज हो गया है। ए.आर. रहमान के संगीत और डॉ. कुमार विश्वास के लिखे हिंदी गीतों से सजा यह गाना भगवान श्रीराम और माता सीता के प्रेम, विवाह की भव्यता और उनके अटूट रिश्ते को दर्शाता है।गाने में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आ रही हैं। इसके दृश्यों में दोनों के विवाह, महल की भव्यता और वनवास के दौरान उनके साथ की भावनात्मक झलकियां दिखाई गई हैं।

‘मंगल रंग’ को हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में एक साथ रिलीज किया गया है। हिंदी संस्करण को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने गाया है। तमिल संस्करण में अभय जोधपुरकर और सैंधवी, तेलुगु में राघव कौशिक और वैशाली सामंत, कन्नड़ में अरमान मलिक और बेला शेंडे तथा मलयालम में नरेश अय्यर और अमृता राजन ने अपनी आवाज दी है।संगीतकार ए.आर. रहमान ने कहा कि ‘रामायणम्’ पीढ़ियों से लोगों के दिलों में बसी कहानी है। श्रीराम और माता सीता के रिश्ते की पवित्रता और सौम्यता को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करना उनके लिए विशेष अनुभव रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गाना श्रोताओं तक प्रेम, भक्ति और आत्मीयता का एहसास पहुंचाएगा।

अरिजीत सिंह ने कहा कि ‘रामायणम्’ केवल एक महाकाव्य नहीं, बल्कि जीवन और लोगों के बीच जुड़ाव को दर्शाती है। वहीं, श्रेया घोषाल ने कहा कि श्रीराम और माता सीता का प्रेम आस्था, समझ और अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गीत श्रोताओं के दिलों को छुएगा।हिंदी गीतकार डॉ. कुमार विश्वास ने कहा कि भगवान श्रीराम के दिव्य विवाह की भव्यता को शब्दों में पिरोना उनके लिए चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने मां सरस्वती से प्रार्थना करने के बाद गीत को अंतिम रूप दिया और इसे उनकी कृपा बताया।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायणम्’ में यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर फिल्म का निर्माण किया है।फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। इसका पहला भाग पांच नवंबर 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना है। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में दुनियाभर में प्रदर्शित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit