
लखनऊ, 28 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) को मिली सफलता के बाद पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) और कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की है।उन्होंने जीत की बधाई देते हुए कहा कि इस सफलता को सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाए, लेकिन किसी तरह का हो-हल्ला या जुलूस न निकाला जाए। अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसा करने से भाजपा के लोगों को उनके बीच घुसकर माहौल बिगाड़ने का मौका नहीं मिलेगा। साथ ही, सपा पर हुड़दंग करने के आरोप भी नहीं लगाए जा सकेंगे। उन्होंने आशंका जताई कि भाजपा विधानसभा चुनाव से पहले साजिश के जरिए सपा की छवि खराब करने की कोशिश कर सकती है।
सपा अध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा कि पार्टी को हर तरह के षड्यंत्र और झूठे आरोपों से बचकर रहना है, क्योंकि अगले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक परिस्थितियां महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्कता बरतने और जीत के बाद किसी भी तरह के विवाद से बचने का आग्रह किया।अखिलेश यादव ने नवनिर्वाचित एमएलसी का अभिनंदन करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से सभी विजयी सदस्यों का सम्मान किया जाएगा। संभव हुआ तो वह स्वयं उनके क्षेत्रों में पहुंचकर उनका अभिनंदन करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने सभी विजयी एमएलसी से उन कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों की सूची तैयार करने को कहा है, जिन्होंने चुनाव में उनका समर्थन और सहयोग किया। अखिलेश ने कहा कि जीत में योगदान देने वाले इन सभी लोगों का भी सम्मान किया जाएगा।
सपा अध्यक्ष का यह संदेश ऐसे समय आया है, जब प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं।विधान परिषद चुनाव में मिली सफलता के बाद पार्टी नेतृत्व जहां कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की कोशिश कर रहा है, वहीं जीत के जश्न के दौरान किसी विवाद या टकराव की स्थिति पैदा न हो, इसे लेकर भी सतर्कता बरतने पर जोर दिया जा रहा है।