
मुंबई, 28 अक्टूबर। अमित साध की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘प्रताप’ के ट्रेलर को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा तेज हो गई है।फिल्म में अमित साध एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की भूमिका निभा रहे हैं। ट्रेलर सामने आने के बाद दर्शक उनके किरदार की तुलना मुंबई पुलिस के अधिकारियों दया नायक और सचिन वाजे से कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर उठ रहे सवालों के बीच दर्शक यह जानना चाहते हैं कि क्या फिल्म की कहानी किसी वास्तविक पुलिस अधिकारी के जीवन से प्रेरित है।सचिन सराफ के लेखन और निर्देशन में बनी इस फिल्म का निर्माण यूवी फिल्म्स के बैनर तले प्रदीप रंगवानी ने किया है। फिल्म में ईशा देओल, सीमा बिस्वास, तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुनाजी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। ‘प्रताप’ 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म के आधिकारिक यूट्यूब ट्रेलर के कमेंट सेक्शन में दर्शकों की उत्सुकता देखने को मिल रही है। एक यूजर ने सवाल किया, “कहीं ये दया नायक की स्टोरी तो नहीं है?” वहीं, दूसरे यूजर ने पूछा, “ये सचिन वाजे की लाइफ से इंस्पायर्ड है क्या?” एक अन्य दर्शक ने भी सवाल उठाया कि क्या फिल्म सचिन वाजे की कहानी पर आधारित है।दर्शकों की इन प्रतिक्रियाओं से फिल्म के कथानक और अमित साध के किरदार की पृष्ठभूमि को लेकर जिज्ञासा बढ़ गई है। हालांकि, फिल्म के किसी खास वास्तविक पुलिस अधिकारी के जीवन पर आधारित होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि ‘प्रताप’ में एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की दुनिया को किस अंदाज में पेश किया गया है और फिल्म की कहानी दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है।