
नई दिल्ली, 30 अक्टूबर। एयर मार्शल इंदरपाल सिंह वालिया को वायुसेना का नया उप प्रमुख नियुक्त किया गया है और वह एक नवम्बर से यह पद संभालेंगे।वह फिलहाल पूर्वी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ हैं। वह एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित की जगह लेंगे, जो शनिवार को वायुसेना प्रमुख का पद संभालेंगे।
रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र एयर मार्शल वालिया को 11 जून 1988 को भारतीय वायुसेना की लड़ाकू विमान शाखा में कमीशन मिला था। करीब चार दशक के सेवाकाल में उन्होंने कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उन्हें मिग-21, मिग-23, मिग-27, जगुआर और सुखोई-30 के सभी संस्करणों को उड़ाने का अनुभव है।उन्होंने लड़ाकू विमान स्क्वाड्रन, टैक्टिक्स एंड एयर कॉम्बैट डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (टीएसीडीई) और वायु सेना स्टेशन बरेली की कमान संभाली है। इसके अलावा वह वायुसेना के एयर स्टाफ निरीक्षण निदेशालय के प्रमुख और जापान तथा दक्षिण कोरिया में भारतीय दूतावास में रक्षा अताशे रह चुके हैं। वह पूर्वी वायु कमान में वरिष्ठ एयर स्टाफ अधिकारी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
एयर मार्शल वालिया ने ब्रिटेन में एडवांस्ड कमांड एंड स्टाफ कोर्स और बांग्लादेश में नेशनल डिफेंस कॉलेज का प्रशिक्षण लिया है। उनके पास रक्षा एवं रणनीतिक अध्ययन में तीन स्नातकोत्तर डिग्रियां हैं। उन्हें विशिष्ट सेवा के लिए उन्हें 2008 में वायु सेना पदक और 2018 में अति विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया था।