योगी ने अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियों का लिया जायजा, समय से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

योगी ने अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियों का लिया जायजा, समय से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश

अयोध्या, 02 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अयोध्या में दीपोत्सव-2026 की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने सबसे पहले रामकथा पार्क स्थित दीपोत्सव आयोजन स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं, निर्माण कार्यों और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से अब तक पूरे हुए कार्यों और शेष तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

इसके बाद उन्होंने राम की पैड़ी पहुंचकर सरयू आरती घाट और वहां तैयार किए जा रहे मंच का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कहा कि दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं।उन्होंने निर्देश दिए कि घाटों, मार्गों और आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं को आवागमन, दर्शन और अन्य सुविधाओं में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। व्यवस्थाओं में आपसी समन्वय बनाए रखने और तैयारियों की लगातार निगरानी करने पर भी उन्होंने जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और श्री हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने दीपोत्सव की तैयारियों के संबंध में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित अन्य जनप्रतिनिधि और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit