
लखनऊ,02 नवम्बर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को प्रदेश की महिलाओं व उनके परिवारों को दीपावली का बड़ा उपहार देने जा रहे हैं।लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित समारोह में सीएम योगी प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 1,500 करोड़ रुपए की सब्सिडी राशि सीधे लाभार्थियों के आधार प्रमाणित बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे। इससे यूपी के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान योगी प्रतीकात्मक रूप से लाभार्थियों को चेक देकर सब्सिडी का हस्तांतरण करेंगे तथा प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। सीएम की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खाद्य एवं रसद व नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय तथा राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा समेत तमाम अतिथि मौजूद रहेंगे।