जयपुर में होगा ‘देवी विज्ञानम’ के ट्रेलर का भव्य अनावरण

जयपुर में होगा ‘देवी विज्ञानम’ के ट्रेलर का भव्य अनावरण

मुंबई,01 नवंबर । आस्था, अध्यात्म और राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी फिल्म ‘देवी विज्ञानम’ अपने बहुप्रतीक्षित ट्रेलर के साथ दर्शकों के बीच दस्तक देने के लिए तैयार है। फिल्म का ट्रेलर मंगलवार, तीन नवंबर 2026 को जयपुर में लॉन्च किया जाएगा।फिल्म की कहानी वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है और राजस्थान की आराध्य देवी करणी मां की आध्यात्मिक महिमा से जुड़ी हुई है। करणी मां का प्रसिद्ध मंदिर राजस्थान में स्थित है। यही वजह है कि फिल्म की कहानी की जड़ों और राजस्थान से इसके खास जुड़ाव को सम्मान देते हुए मेकर्स ने ट्रेलर लॉन्च के लिए जयपुर को चुना है। ऐसे में यह आयोजन फिल्म के लिए महज एक ट्रेलर लॉन्च नहीं, बल्कि इसकी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का खास अवसर भी होगा।

ट्रेलर लॉन्च समारोह शाम चार बजे जयपुर के लालकोठी स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में आयोजित किया जाएगा। इस खास मौके पर आध्यात्मिक जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों, गणमान्य अतिथियों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की मौजूदगी रहेगी। इस आयोजन की शोभा बढ़ाने के लिए आध्यात्मिक गुरु स्वामी अवधेशानंद गिरि, राजस्थान विधायक प्रताप पुरीजी महाराज, बाड़मेर विधायक रविंद्र सिंह भाटी, बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य, राजस्थान बीजेपी नेता बाबा बालकनाथ, आध्यात्मिक गुरु एवं डॉक्टर करणी प्रताप सिंह, स्प्रिंगबोर्ड एकेडमी के राजवीर सिंह चलकोई और समाजसेवी मनीष रिनवा शामिल होंगे।फिल्म में टिकू तलसानिया, पूजा जोशी, के आर्यवर्धन और चेतन धनानी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन कर्त्तव्य शाह ने किया है। वास्तविक घटनाओं से प्रेरित और करणी मां की आस्था एवं आध्यात्मिक विरासत से जुड़ी ‘देवी विज्ञानम’ दर्शकों के सामने एक खास कहानी पेश करने जा रही है। ट्रेलर के जरिए पहली बार दर्शकों को फिल्म की कहानी, किरदारों और इसकी सिनेमाई दुनिया की झलक देखने को मिलेगी।

‘देवी विज्ञानम’ 04 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit