
नयी दिल्ली, 30 अक्टूबर । हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता पैट्रिक स्टीवर्ट का 86 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह अपने शानदार स्टेज करियर और टीवी सीरीज ‘स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जनरेशन’ में कैप्टन जीन-ल्यूक पिकार्ड तथा ‘एक्स-मेन’ फिल्मों में प्रोफेसर चार्ल्स जेवियर के यादगार किरदारों के लिए बहुत मशहूर थे।मनोरंजन जगत में स्टीवर्ट के उल्लेखनीय योगदान ने उन्हें साइंस फिक्शन और लोकप्रिय संस्कृति में सबसे जाने-माने चेहरों में से एक बना दिया था।
उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर दी गई जानकारी के अनुसार, दिग्गज अभिनेता ने अल्जाइमर और लेवी बॉडी डिमेंशिया से कुछ समय तक जूझने के बाद बुधवार को लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली।स्टीवर्ट और उनके “स्टार ट्रेक: टीएनजी” के सह-कलाकारों ने कई फिल्मों में अपने किरदारों को बड़े पर्दे पर निभाया। इसके बाद जे.जे. अब्राम्स ने मूल टीवी सीरीज़ के किरदारों के साथ “स्टार ट्रेक” फिल्म फ्रेंचाइज़ी को नए सिरे से शुरू किया।
वैरायटी की रिपोर्ट के अनुसार, स्टीवर्ट ने 2020 से 2023 तक प्रसारित हुई सीरीज़ “स्टार ट्रेक: पिकार्ड” के ज़रिए एक बार फिर इस फ्रेंचाइज़ी में वापसी की।चर्चित फिल्म फ्रेंचाइज़ी “एक्स-मेन” में इस अनुभवी अभिनेता ने प्रोफेसर जेवियर का किरदार निभाया। इसमें उनके करीबी दोस्त और अभिनेता इयान मैककेलेन ने खलनायक मैग्नेटो की भूमिका निभायी थी। वह दिसंबर में रिलीज़ होने वाली फिल्म “एवेंजर्स: डूम्सडे” में एक बार फिर प्रोफेसर जेवियर के किरदार में नज़र आएंगे, जिसमें इयान मैककेलेन भी उनके साथ होंगे।
स्टीवर्ट ने अपने थिएटर के काम के लिए तीन ओलिवियर पुरस्कार जीते और उन्हें टोनी पुरस्कार के साथ-साथ चार एमी पुरस्कारों के लिए भी नामांकित किया गया।वैरायटी के अनुसार, अभिनेता ने मशहूर टेलीविजन सीरीज़ “द सिम्पसन्स”, “फैमिली गाई” और “अमेरिकन डैड” के लिए अपनी आवाज़ दी। उन्होंने ईमानदारी से कॉमेडी की दुनिया में भी हाथ आजमाया। उन्होंने स्टीव मार्टिन की 1991 की शानदार फिल्म “एल.ए. स्टोरी” में एक बेहद घमंडी वेटर की हास्यपूर्ण भूमिका निभायी । इसके अलावा, मेल ब्रूक्स की 1993 की फिल्म “रॉबिन हुड: मेन इन टाइट्स” में किंग रिचर्ड का किरदार निभाया और 1994 में “सैटरडे नाइट लाइव” शो की मेज़बानी भी की।
स्टीवर्ट के निधन की खबर ने हॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक का माहौल है; कई कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और उनके योगदान को याद कर रहे हैं।स्टीवर्ट के लगभग 50 वर्षों से करीबी दोस्त रहे और ‘एक्स-मेन’ में उनके सह-कलाकार इयान मैककेलेन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा कर अभिनेता की विरासत को याद किया। उन्होंने लिखा, “हर दूसरी पहचान से पहले, पैट्रिक की पहचान इस बात से थी कि उनका जन्म और पालन-पोषण यॉर्कशायर में हुआ था। यह इंग्लैंड के उत्तर में स्थित एक ऐसा गौरवशाली काउंटी है जिससे उन्हें बेहद प्यार था और जीवन के अंतिम समय तक उनका यह लगाव बना रहा।”
उन्होंने आगे लिखा, “आप उनकी आवाज़ में यॉर्कशायर का लहजा सुन सकते थे और जिस बेबाक ईमानदारी के साथ वह अपने विचारों एवं भावनाओं को व्यक्त करते थे, उसमें भी उनकी यह पहचान झलकती थी। यॉर्कशायर के लोग आधे-अधूरे सच या बड़े मुद्दों से बचने में विश्वास नहीं करते। पैट्रिक अपनी भावनाओं को कभी छिपाते नहीं थे। यही बात उन्हें ऐसा इंसान बनाती थी, जिस पर भरोसा किया जा सकता था, जिसकी प्रशंसा की जा सकती थी और मेरे मामले में, जिससे बेइंतहा प्यार किया जा सकता था।”मैककेलेन और स्टीवर्ट की पहली मुलाकात 1970 के दशक में रॉयल शेक्सपियर कंपनी में हुई थी और बाद में उन्हें दिवंगत महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय द्वारा क्रमशः 1991 और 2010 में ‘नाइट’ की उपाधि से सम्मानित किया गया।
कनाडाई अभिनेता विलियम शैटनर 2011 की फीचर डॉक्यूमेंट्री ‘द कैप्टन्स’ में स्टीवर्ट के साथ नज़र आए थे। उन्होंने इस अनुभवी अभिनेता को एक दोस्त, सहकर्मी एवं बेहतरीन कलाकार के रूप में याद किया।’एक्स-मेन’ में स्टीवर्ट के सह-कलाकार रहे अभिनेता ह्यू जैकमैन ने इस दिग्गज अभिनेता के साथ एक तस्वीर साझा की और लिखा, “आज हमने मंच और पर्दे के एक महान कलाकार को खो दिया है। मेरी नज़र में, वह एक बेहतरीन दोस्त और इंसान थे। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है। स्टीवर्ट, मैं आपको हमेशा याद रखूंगा।”
अमेरिकी सुपरहीरो फिल्म और टेलीविजन प्रोडक्शन कंपनी मार्वल स्टूडियोज ने स्टीवर्ट को एक अद्वितीय प्रतिभा, उदार सहयोगी और एक सच्चे भद्रपुरुष के रूप में याद किया।पैट्रिक ह्यूज़ स्टीवर्ट का जन्म 13 जुलाई 1940 को यॉर्कशायर के मिरफ़ील्ड में हुआ था। युवावस्था में उन्होंने शौकिया तौर पर कई नाट्य मंडलियों के साथ अभिनय किया और 15 साल की उम्र में स्कूल छोड़ दिया। उन्होंने एक अख़बार संवाददाता के रूप में भी काम किया लेकिन अंततः उन्होंने पत्रकारिता के बजाय अभिनय को चुना।
स्टुअर्ट ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत मैनचेस्टर के लाइब्रेरी थिएटर से की जिसके बाद 1966 में वह रॉयल शेक्सपियर कंपनी के सदस्य बने। उन्होंने तीन शादियां कीं; पहली शादी कोरियोग्राफर शीला फाल्कनर से हुई, और दूसरी शादी ‘स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जनरेशन’ की निर्माता वेंडी न्यूस से हुई।स्टीवर्ट के परिवार में उनकी तीसरी पत्नी सनी ओज़ेल हैं, जिनसे उन्होंने 2013 में एक समारोह में शादी की थी जिसका संचालन उनके मित्र इयान मैककेलेन ने किया था। पत्नि के अलावा उनके परिवार में एक बेटी सोफी स्टीवर्ट और एक बेटा, अभिनेता डैनियल स्टीवर्ट भी हैं, जो उनकी पहली शादी से हुए।