अनिल कपूर ने सुनाया ‘मन्नत’ खरीदने का किस्सा, कहा- शाहरुख का सपना था समुद्र के सामने बंगला हो

अनिल कपूर ने सुनाया ‘मन्नत’ खरीदने का किस्सा, कहा- शाहरुख का सपना था समुद्र के सामने बंगला हो

मुंबई, 29 अक्टूबर। बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर ने शाहरुख खान के बंगले ‘मन्नत’ से जुड़ा दिलचस्प किस्सा साझा करते हुए बताया कि शाहरुख का सपना समुद्र के सामने एक शानदार बंगला खरीदने का था, जिसे उन्होंने पूरा किया। अनिल कपूर ने यह भी बताया कि शाहरुख के वहां रहने आने से पहले उन्होंने इसी बंगले में अपनी फिल्म ‘तेज़ाब’ की शूटिंग की थी।स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ के आगामी एपिसोड में एक प्रतियोगी ने मुंबई में ‘मन्नत’ जैसा समुद्र किनारे घर खरीदने की इच्छा जताई। प्रतियोगी की ख्वाहिश सुनकर अनिल कपूर को अपने करीबी दोस्त शाहरुख खान की याद आ गई। उन्होंने शाहरुख से अपनी पहली मुलाकात और वर्षों पुरानी दोस्ती के बारे में भी बताया।अनिल कपूर ने कहा, “शाहरुख साहब और मैं कई सालों से बहुत अच्छे दोस्त हैं। मैं ‘बेनाम बादशाह’ की शूटिंग कर रहा था, तब वे मुझसे मिलने आए थे। जब मैंने उन्हें देखा और उनकी आंखों में देखा, तो मुझे लगा कि वे बहुत बड़े स्टार बनेंगे। वहीं से हमारी जान-पहचान हुई और वक्त के साथ हमारी दोस्ती गहरी होती गई।”

शाहरुख के सपने का जिक्र करते हुए अनिल कपूर ने कहा, “हम अक्सर कार्टर रोड पर मिलते थे, जहां उनका एक फ्लैट था। उनका भी सपना था कि समुद्र के सामने एक शानदार बंगला हो और उन्होंने वह सपना पूरा किया। मुझे याद है, उन्होंने मेरे सामने ही ‘मन्नत’ खरीदा था। उनके वहां रहने आने से पहले मैंने भी उसी बंगले में ‘तेज़ाब’ की शूटिंग की थी।”‘इंडिया के टॉप 1%’ का प्रसारण हर शनिवार और रविवार रात आठ बजे स्टार प्लस पर होता है। यह शो जियोहॉटस्टार पर भी देखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit