जियो के 5जी ग्राहक 30 करोड़ पहुंचे, पिछले 12 महीनों में 6.6 करोड़ की बढ़ोतरी

जियो के 5जी ग्राहक 30 करोड़ पहुंचे, पिछले 12 महीनों में 6.6 करोड़ की बढ़ोतरी

मुंबई, 30 अक्टूबर। रिलायंस समूह की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स के शुक्रवार जारी तिमाही वित्तीय रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 12 महीनों यानी (अक्टूबर-सितंबर 2025-26) के बीच जियो के 5जी ग्राहकों की संख्या में 6.6 करोड़ की बढ़ोतरी हुई और उसके 5जी सेवा नेटवर्क के ग्राहकों की संख्या बढ़ कर 30 करोड़ पहुंच गई है।ग्राहकों की बढ़ती संख्या और डिजिटल सेवाओं के विस्तार का असर कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर भी दिखाई दिया। जियो प्लेटफॉर्म्स का तिमाही सकल राजस्व 11.3 फीसदी बढ़कर 47,485 करोड़ रुपये और सभी प्रावधानों से पूर्व परिचालन लाभ (एबिडटा) 16.6 फीसदी बढ़कर 21,879 करोड़ रुपये हो गया। प्रति ग्राहक औसत मासिक कमाई (एआरपीयू) भी बढ़कर 218.8 रुपये पहुंच गई।

जियो का शेयर इसी सप्ताह शेयर बाजार में सूचीबद्ध हुआ है।कंपनी ने फिक्स्ड ब्रॉडबैंड में भी 3 करोड़ ग्राहकों का आंकड़ा छू लिया है। जियो का कुल ग्राहक आधार 54.2 करोड़ के पार पहुंच गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक उसकी प्रति ग्राहक औसत मासिक डेटा खपत 44.2 जीबी पहुंच गयी है और कंपनी के कुल वायरलेस डेटा ट्रैफिक में 5जी की हिस्सेदारी अब करीब 56 फीसदी हो गई है।रिपोर्ट में कहा गया है कि सितंबर तिमाही में जियो का कुल डेटा ट्रैफिक सालाना आधार पर 22.1 फीसदी बढ़कर 71 एक्साबाइट पहुंच गया जो उसके नेटवर्क पर डेटा के बढ़ते इस्तेमाल को दर्शाता है।फिक्स्ड ब्रॉडबैंड सेवा कारोबार के क्षेत्र में जियो एयरफाइबर के ग्राहकों की संख्या 1.51 करोड़ हो गई है। पिछले एक साल में फिक्स्ड ब्रॉडबैंड सेवा के ग्राहकों की कुल शुद्ध बढ़ोतरी में एयरफाइबर की हिस्सेदारी 75 फीसदी से ज्यादा रही। इस दौरान इस सेवा में जियो के कुल ग्राहक आधार में 3.6 करोड़ की शुद्ध बढ़ोतरी हुई, जबकि सितंबर तिमाही में 91 लाख ग्राहक जुड़े।

इसी माह 28 तारीख को जियो प्लेटफॉर्म्स की शेयर बाजार में शानदार लिस्टिंग हुई थी। कंपनी का 30,188 करोड़ का प्रथम सार्वजनिक शेयर निर्गम् (आईपीओ)भारतीय इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ रहा, जिसे 22 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन मिला। लिस्टिंग के बाद जियो प्लेटफॉर्म्स बाजार मूल्यांकन के लिहाज से देश की दूसरी सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit