बाबा विश्वनाथ के दरबार में जाने की हिम्मत क्यों नहीं जुटा पा रहे हैं अखिलेश: राजभर

बाबा विश्वनाथ के दरबार में जाने की हिम्मत क्यों नहीं जुटा पा रहे हैं अखिलेश: राजभर

लखनऊ, 03 नवंबर । उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।उन्होंने अखिलेश यादव के वाराणसी दौरे को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि काशी आने के बावजूद उन्हें बाबा विश्वनाथ के दरबार में शीश नवाने की हिम्मत नहीं हो रही है। राजभर ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर जारी अपनी प्रतिक्रिया में अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले वह अयोध्या गए थे, लेकिन श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के पास से भी मुंह घुमाकर निकल गए। इसी तरह मथुरा जाने पर भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर की तरफ देखने से उनकी कंपकंपी छूटने लगती है।

उन्होंने कहा कि सावन में काशी का यदुवंशी समाज सबसे पहले बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करता है। पिछले साल अखिलेश यादव को भी इसके लिए निमंत्रण दिया गया था, लेकिन वह किसी न किसी बहाने से कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।राजभर ने धार्मिक आस्था का हवाला देते हुए कहा कि जब भगवान की आज्ञा होती है, तभी इंसान को उनके पावन स्वरूप के दर्शन मिलते हैं। अखिलेश यादव को आत्ममंथन करना चाहिए कि आखिर क्यों प्रभु श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और बाबा विश्वेश्वर के दरबार से उनकी दूरी बनी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव का मन केवल मस्जिद, मजार, ईदगाह, दरगाह और कब्रिस्तान में लगता है। राजभर ने उन्हें तुष्टिकरण की राजनीति छोड़ने की नसीहत देते हुए कहा कि इतनी भी तुष्टिकरण वाली राजनीति नहीं करनी चाहिए कि हिंदू समाज उन्हें धिक्कारने लगे।राजभर का यह बयान अखिलेश यादव के वाराणसी दौरे के बीच सामने आया है। उनके इस बयान से प्रदेश की राजनीति में धार्मिक स्थलों और तुष्टिकरण के मुद्दे पर सियासी बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit