
कानपुर 03 नवम्बर। मेजबान उत्तर प्रदेश ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप के एक मुकाबले में मंगलवार को बड़ोदा की पहली पारी के 355 रन के जवाब में शानदार शुरुआत करते हुये दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में बगैर विकेट खोये 196 रन बना लिये।
ग्रीनपार्क मैदान पर दिन का खेल खत्म होने के समय सलामी बल्लेबाज आदर्श सिंह (96) और माधव कौशिक (90) क्रीज पर मौजूद थे। अंगद के पैर की तरह क्रीज पर डटी सलामी जोड़ी की शतकीय साझीदारी को तोड़ने के लिये मेहमान कप्तान ने अपने सभी छह नियमित गेंदबाजों का प्रयोग किया मगर उन्हे सूरज ढलने तक सफलता नहीं मिल सकी थी।इससे पहले बड़ोदा ने अपने कल के स्कोर छह विकेट पर 269 रन से आगे खेलना शुरु किया और उनकी पहली पारी लंच से 20 मिनट पहले 355 रनों पर सिमट गयी। आज की पहली सफलता कप्तान अतीत सेठ (35) के विकेट के रुप में मेजबान टीम को मिली जब वह जीशान अंसारी की गेंद पर पगबाधा करार दिये गये। उनके जोड़ीदार मनन सोलंकी (50) ने अंत तक उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों का दिलेरी से सामना किया और उनकी बदौलत ही टीम 355 रनो का आंकड़ा छू सकी। अंतिम विकेट के तौर पर सोलंकी कार्तिक यादव का शिकार बने।उत्तर प्रदेश की ओर से कार्तिक सबसे सफल गेंदबाज बने जिन्होने 104 रन देकर पांच विकेट चटकाये वहीं करन शर्मा को तीन विकेट मिल। शेष दो विकेट यश दयाल और जीशान अंसारी ने बांट लिये।