देश में निर्मित 50 फीसदी दोपहिया ईवी का हो रहा निर्यात, इसके इस्तेमाल से डिलीवरी पार्टनरों की बढ़ेगी आय : गडकरी

देश में निर्मित 50 फीसदी दोपहिया ईवी का हो रहा निर्यात, इसके इस्तेमाल से डिलीवरी पार्टनरों की बढ़ेगी आय : गडकरी

नयी दिल्ली, 04 नवंबर। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने देश में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के बढ़ते बाजार पर खुशी जताते हुए कहा है कि बैटरी चार्जिंग की सुविधा आसान होने से ईवी की मांग तेजी से बढ़ी है और देश में उत्पादित कुल दोपहिया वाहनों का आधा हिस्सा निर्यात किया जा रहा है।श्री गडकरी ने बुधवार को यहां ऑनलाइन फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म स्विगी के ‘ईवी मोबिलिटी कॉन्क्लेव’ को संबोधित करते हुए ईवी को उपभोक्ताओं के लिए बहुत अच्छा विकल्प बताया और कहा कि भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के हर देश की आर्थिक वृद्धि स्वच्छ, कुशल और किफायती परिवहन व्यवस्था पर निर्भर करती है।

उन्होंने कहा कि भारत ऑटोमोबाइल क्षेत्र में जापान जैसे प्रमुख देश को पीछे छोड़कर दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा वाहन निर्माता देश बन गया है और उन्हें उम्मीद है कि अगले पांच साल में भारत आटोमोबाइल क्षेत्र में दुनिया में पहला स्थान हासिल कर लेगा। उन्होंने कहा कि ईवी से माल ढुलाई और आवाजाही भी सस्ती होगी क्योंकि इनके इस्तेमाल में किसी तरह की दिक्कत नहीं आ रही है। उनका कहना था कि ईवी के इस्तेमाल से डिलीवरी की लागत कम होने के कारण डिलीवरी कंपनियों को फायदा होगा और इससे जुड़े सभी पार्टनरों की आय बढ़ेगी। सबसे बड़ी बात, इससे प्रदूषण घटने के साथ ही देश में स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

स्विगी के डिलीवरी नेटवर्क में ईवी इस्तेमाल करने वाले डिलीवरी पार्टनरों को नयी अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उन्होंने कहा कि डिलीवरी को और किफायती बनाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहन अपनाना आवश्यक है, क्योंकि इससे उनकी आय बढ़ेगी, शहरों का पर्यावरण सुधरेगा और देश को लाभ होगा। उन्होंने सरकार और उद्योग जगत से इस दिशा में मिलकर काम करने तथा डिलीवरी पार्टनरों के लिए ईवी अपनाने की प्रक्रिया आसान और किफायती बनाने का आग्रह किया।

इस मौके पर स्विगी के सह-संस्थापक एवं समूह मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) श्रीहर्ष मजेटी ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य डिलीवरी पार्टनरों के काम को आसान और अधिक लाभकारी बनाना तथा इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने में आने वाली रोजमर्रा की बाधाओं को दूर कर उनकी जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना है। कंपनी की कॉरपोरेट मामलों की प्रमुख नेहा सिंहवी ने कहा कि अंतिम छोर तक डिलीवरी में ईवी को बढ़ावा देने के लिए किफायती वित्तपोषण, भरोसेमंद चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग सुविधाओं के साथ अनुकूल नीतियां जरूरी हैं।

इस अवसर पर स्विगी ने अपने इंस्टामार्ट के 25 केंद्रों पर भागीदारों के सहयोग से बैटरी स्वैपिंग स्टेशन शुरू किए। कंपनी ने डिलीवरी पार्टनरों के लिए ईवी किराये पर लेने की सुविधा भी शुरू की है, जिसके तहत वे उसी केंद्र से वाहन ले सकेंगे जहां से डिलीवरी के ऑर्डर प्राप्त करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit