
एंटवर्प, 27 मई । कप्तान हरमनप्रीत सिंह के तीन लगातार गोलों की मदद से भारत ने एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2023/24 के यूरोपीय चरण के अपने चौथे मैच में अर्जेंटीना के खिलाफ 5-4 से सनसनीखेज जीत हासिल की।
हरमनप्रीत ने मैच के 29वें,50वें और 52वें मिनट में गोल दाग कर भारत की जीत का मार्ग प्रशस्त किया। भारत के लिए शेष दो गोल अरजीत सिंह हुंदल ने सातवें मिनट में और गुरजंत सिंह ने 18वें मिनट में किये। अर्जेंटीना के लिए लड़ाकू अंदाज में भारत के हर वार पर पलटवार किया मगर अंतत: जीत भारत के खाते में आयी। अर्जेंटीना के लिये फेडेरिको मोंजा ने मैच के तीसरे मिनट में ही गोल कर शुरुआती बढ़त दिला दी जबकि निकोलस कीनन ने 24वें, तादेओ मारुची ने 54वें और लुकास मार्टिनेज़ ने 57वें मिनट पर गोल दागे।
भारत ने सधी शुरुआत की और पहले क्वार्टर में अधिकांश समय तक गेंद अपने पास रखी। भारतीय खिलाड़ियों का तालमेल इस मैच में और निखर कर सामने आया जब सटीक पास देकर उन्होने अर्जेंटीना के स्ट्राइकिंग सर्कल में अपनी जगह बनाई। हालाँकि, अर्जेंटीना के फ़ेडरिको मोंजा ने मैच के तीसरे मिनट में ही करीब से नेट पर गोल करके 1-0 की बढ़त दिला दी। जवाब में, भारत ने अरिजीत सिंह हुंदल के शानदार फील्ड गोल से जल्द ही बराबरी कर ली। एक मिनट शेष रहते भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सका। पहला क्वार्टर 1-1 से बराबरी पर ख़त्म हुआ।
भारत ने दूसरे क्वार्टर की शानदार शुरुआत की। गुरजंत सिंह (18′) के बेहतरीन फील्ड गोल के बाद तेजी से जवाबी हमला करने वाले आक्रामक रुख ने भारत को अपनी बढ़त बढ़ाने में मदद की। गोल करने के बाद अगले कुछ मिनटों में भारत थोड़ा असमंजस में था जिससे उसकी पकड़ गेंद पर ढीली हुयी जिसका फायदा उठाते हुये निकोलस कीनन ने भारतीय रक्षकों को छकाते हुए गेंद को गोल में पहुंचाकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। हालाँकि, भारत ने एक मिनट शेष रहते ही पेलाल्टी कार्नर अर्जित कर लिया और कप्तान हरमनप्रीत सिंह (29′) ने कोई गलती नहीं की और इसे भारत के पक्ष में 3-2 कर दिया। हाफ टाइम तक भारत अर्जेंटीना से 3-2 से आगे था।
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने तेज-तर्रार हॉकी का प्रदर्शन करते हुए आक्रमण की गति तेज कर दी। भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन वह इसे गोल में नहीं बदल सका। दोनों टीमों की रक्षा पंक्ति मजबूत होने के कारण तीसरा क्वार्टर गोलरहित रहा और 3-2 से बराबरी पर समाप्त हुआ।
चौथा क्वार्टर शानदार खेला गया और भारत टॉप गियर में आ गया। उन्होंने अर्जेंटीना को गलतियाँ करने के लिए प्रेरित किया, जिसके कारण दस मिनट शेष रहते भारत को पेनाल्टी कार्नर मिला। कप्तान हरमनप्रीत सिंह (50′) का कम शक्तिशाली शॉट नेट के पीछे लगा और भारत ने 4-2 की बढ़त ले ली। दो मिनट बाद, भारत को एक और पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे कप्तान हरमनप्रीत सिंह (52′) ने फिर से सफलतापूर्वक गोल में बदल दिया। अर्जेंटीना ने तादेओ मारुची (54′) और लुकास मार्टिनेज (57′) ने जल्दी-जल्दी दो गोल दागकर खेल को रोमांचक अंत तक पहुंचाया। मैच भारत की 5-4 से जीत के साथ समाप्त हुआ।
भारतीय टीम का अगला मुकाबला एक जून को जर्मनी से होगा।