भाजपा उत्तर प्रदेश में अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार:अखिलेश

भाजपा उत्तर प्रदेश में अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार:अखिलेश

मैनपुरी 25 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कि भाजपा सरकार प्रदेश की अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। भाजपा के लोगों ने उत्तर प्रदेश को खोखला कर दिया है।
    श्री यादव शुक्रवार को मैनपुरी के करहल में एक कार्यक्रम में कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, नौजवानों, व्यापारियों सभी को धोखा दिया है। मंडियों को बर्बाद कर दिया। सड़कों का निर्माण बेहद घटिया स्तर का है। ठेकेदार और अधिकारी मिलकर बजट लूट रहे हैं। इस सरकार में जिन सड़कों का निर्माण हुआ था सब टूट गयी। समाजवादी सरकार में बनी सड़के अभी भी उसी तरह मजबूत है।
    उन्होने कहा कि भाजपा सरकार जैसा भ्रष्टाचार कभी किसी ने नहीं देखा होगा। पिछले दिनों एक अधिकारी के घर से चोरी की खबर आयी। चोरी कोई हजारों, लाखों में नहीं कई करोड़ों में थी लेकिन उसकी जांच नहीं हो रही है। सोचिए कितना भ्रष्टाचार चल रहा है। एक जिलाधिकारी का आडियों वायरल हुआ वह कमीशन तय कर रहे थे। जिलाधिकारी से लेकर हर जगह भ्रष्टाचार हो रहा है। जो लोग दूसरों पर लूट का आरोप लगाते थे और बदनाम करते थे वही लोग आज लूट रहे है।
     श्री यादव ने कहा कि भाजपा प्रदेश की अर्थव्यवस्था वन ट्रिलियन डॉलर बनाने का सपना दिखा रही है। भाजपा की बात जनता की समझ में नहीं आयेगी। ये लोग काम ही ऐसा करते है जिसे कोई समझ न पाये। पहले जीरो टॉलरेंस की बात करते थे। उसकी पोल खुल गयी। अब कह रहे है कि वन ट्रिलियन डॉलर इकोनामी बनाएंगे। वन ट्रिलियन डॉलर इकोनामी का सपना दिखाने वालो ने बिजली का बिल बढ़ा दिया। सब चीजें महंगी कर दी। आम जनता गरीब महंगाई से परेशान है। पहले जो चीजें कम पैसे में आती थी आज महंगी हो गई। भाजपा सरकार में पैसे की वैल्यू कम हो रही है। ज्यादा पैसे में कम चीजें मिलने लगी हैं। डीजल, पेट्रोल की कीमत लगातार बढ़ती गई। खाने-पीने की चीजें भी महंगी हो गयी हैं। सरकार को महंगाई कम करने की कोई फिक्र नहीं है। नौजवानों को नौकरी, रोजगार नहीं मिल रहा है। इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।
    उन्होने कहा कि सड़कों छुट्टा जानवर घूम रहे हैं। इन छुट्टा जानवरों के हमलों से प्रदेश में सैकड़ों मौते हो चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव के समय प्रधानमंत्री ने एक सप्ताह में छुट्टा जानवरों की समस्या के समाधान करने का वादा किया था लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। भाजपा सरकार में किसान समस्याओं से घिरा हुआ है। उसे कोई सुविधा नहीं मिल रही है। डीएपी और अन्य खाद नहीं मिल रही है। डीएपी को लेकर किसान लम्बी-लम्बी लाईनों में इंतजार करते हैं। लाईनों में मारपीट होती है। चित्रकूट में डीएपी न मिलने से एक किसान को आत्महत्या करनी पड़ी। भाजपा के छोटे नेता और कार्यकर्ता सहकारी समितियों पर पैसा कमाने और दलाली में लग गये हैं।
    श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा गांव, गरीब और किसान के लिए काम किया। समाजवादी नीतियों से ही गांव और किसानों का विकास हो सकता है और खुशहाली लायी जा सकती है। अंत में सभी सरकारों को समाजवादी नीतियों पर ही काम करना होगा। समाजवादी सरकार में हमने सड़कों और एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडिया बनाने का काम किया। जिससे किसानों, गरीबों को कीमत और सुविधा मिले।
    उन्होने कहा कि करहल से नेताजी (मुलायम) और समाजवादियों का बहुत पुराना अटूट रिश्ता है।  उपचुनाव में करहल में ऐतिहासिक परिणाम आयेगा। तेज प्रताप यादव ऐतिहासिक वोटों से जीतेंगे। इस उपचुनाव में पीडीए परिवार ने संकल्प लिया है कि करहल में भाजपा की हार का रिकॉर्ड बनेगा।
    सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा जानती है वह करहल और मिल्कीपुर कभी नहीं जीत पायेगी। मिल्कीपुर में तमाम प्रयासों के बावजूद इंटरनल सर्वे में हार रही है इसीलिए वहां चुनाव टाल दिया। भाजपा के लोग करहल का भी गणित जानते हैं कि वे हार रहे हैं।
    श्री यादव ने कहा कि मेरी करहल की जनता से अपील है कि वह इतने रिकार्ड वोटो से भाजपा को हराये जिससे भाजपा दुबारा कभी चुनाव लड़ने की न सोंचे।
    उन्होने कहा कि उपचुनाव के तुरन्त बाद विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो जाएगी। प्रदेश में भाजपा की सरकार जाने वाली है। यूपी के बाहर जाते ही भाजपा देश से भी बाहर हो जाएगी। इंडिया गठबंधन ने लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराया है। हम भाजपा को हराने का फार्मूला जान गये हैं। लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की हार से भाजपा वालों की नींद उड़ गयी है। जब वे एक करवट सोते हैं तो उत्तर प्रदेश की हार याद आती है और दूसरी करवट सोते हैं तो अयोध्या की हार याद आ जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *