
कोलकाता, 15 जुलाई। पश्चिम बंगाल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने शनिवार को कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह अगस्त में राज्य का दौरे पर आयेंगे और एक सार्वजनिक रैली भी करेंगे।
श्री मजूमदार ने शुक्रवार को दिल्ली में श्री शाह से मुलाकात की और उन्हें राज्य की राजनीतिक स्थिति, पंचायत चुनाव परिणामों और हिंसा से अवगत कराया। उन्होंने राज्य में पार्टी को मजबूत करने के लिए उनका बहुमूल्य मार्गदर्शन मांगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस भाजपा कार्यकर्ताओं की खरीद-फरोख्त का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा , “ हम इसके खिलाफ लड़ रहे हैं। चाहे वह असम सरकार हो या मणिपुर सरकार, वे अपने राज्य में हिंसा को रोकने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल ने पंचायत चुनाव हिंसा को रोकने का प्रयास भी नहीं किया है। फर्जी मतदान के बाद भी हमारे (भाजपा) 11,004 सदस्य चुने गए और यह एक बड़ी संख्या है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गंदी राजनीति कर रही हैं।”