
लखनऊ, 18 जून। उत्तर प्रदेश में मानसून की सुस्त रफ्तार और सीमित मौसमी गतिविधियों के बीच गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को बांदा 43.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उष्ण लहर (लू) का प्रभाव बना रहा।भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, प्रदेश में छिटपुट वर्षा और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना के बावजूद तापमान में क्रमिक वृद्धि का सिलसिला जारी है। प्रदेश के गाजीपुर, गोरखपुर और बहराइच जिले लू की चपेट में रहे।
आईएमडी के शाम 5:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार बांदा का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी में 42.2 डिग्री, प्रयागराज में 41.8 डिग्री, वाराणसी में 41.7 डिग्री, बहराइच और कानपुर में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश में तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि जारी रह सकती है और कई क्षेत्रों में लू जैसी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं। हालांकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक और हल्की वर्षा की संभावना भी व्यक्त की गई है, लेकिन इससे व्यापक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, फिलहाल उत्तर प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं। यही कारण है कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गर्म और शुष्क मौसम बना हुआ है तथा लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।