
कानपुर 18 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानो को सम्मानित करने कानपुर पहुंचे।चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय परिसर स्थित हैलीपैड पर मुख्यमंत्री का स्वागत कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही,उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय,कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने किया।
विश्वविद्यालय के कैलाश सभागार में आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला को संबोधित करने से पहले योगी ने एक प्रदर्शनी का अवलाेकन किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने प्राकृतिक खेती के विभिन्न उत्पादों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। बाद में स्थानीय विधायक महेश त्रिवेदी ने मुख्यमंत्री को मोमेंटो भेंट किया जबकि जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने योगी को उनका एक तैलचित्र भेंट किया।एक दिवसीय कार्यशाला के दौरान योगी आदित्यनाथ प्राकृतिक खेती में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानो को सम्मानित करेंगे और प्राकृतिक खेती के फायदे गिनायेंगे। कार्यशाला में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने के अलावा अन्नदाता को खेती के लिये जरुरी आधुनिक तकनीक से जोड़ने के प्रति जागरुक किया जायेगा।