लगातार 17वें वर्ष घटी जापानी की आबादी, 12 करोड़ से नीचे पहुंची संख्या

लगातार 17वें वर्ष घटी जापानी की आबादी, 12 करोड़ से नीचे पहुंची संख्या

टोक्यो, 29 जुलाई। जापान की आबादी में लगातार 17वें वर्ष भी गिरावट दर्ज की गयी है और यहां इस साल की शुरूआत में देश में रहने वाले जापानी नागरिकों की आबादी घटकर 12 करोड़ से नीचे (11.97 करोड़) आ गयी है।स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह बीते वर्ष की तुलना में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है। वहीं, देश में विदेशी निवासियों की संख्या बढ़कर रिकॉर्ड 40.31 लाख हो गयी है, जिससे विदेशी और जापानी नागरिकों को मिलाकर जापान की कुल आबादी 12.37 करोड़ दर्ज की गयी है।

इसकी जानकारी निवासी रजिस्ट्रार के आंकड़ों के हवाले से बुधवार को गृह मंत्रालय ने दी और बताया कि जापानी निवासियों की संख्या 9,16,744 (0.76 फीसदी) घटकर 11,97,36,483 रह गयी है।मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट से पता चलता है कि देश में विदेशी निवासियों की संख्या 3,53,696 (9.62 फीसदी) बढ़कर 40,31,159 हो गयी है। वर्ष 2013 में विदेशी निवासियों के आंकड़े जुटाने की शुरुआत के बाद से यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

कोविड-19 महामारी खत्म होने के बाद 2023 से जापान में विदेशी आबादी लगातार बढ़ रही है। वर्ष 2025 में विदेश से जापान आकर बसने वाले लोगों की संख्या 7,20,988 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गयी है।जापान के प्रांतों में से केवल टोक्यो में ही जापानी निवासियों की संख्या में लगातार तीसरे वर्ष बढ़ोतरी देखी गयी। यहां आबादी 12,540 (0.09 फीसदी) बढ़कर 1,32,93,851 हो गयी है, जो कुल जापानी आबादी का 11.1 प्रतिशत है। बाकी सभी 46 प्रांतों में जापानी नागरिकों की संख्या में गिरावट आयी है।

वर्ष 2025 में जन्म लेने वाले जापानी बच्चों की संख्या घटकर 6,70,467 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गयी, जबकि 15,93,475 लोगों की मौत हुई। इस तरह जन्म के मुकाबले मौतों का अंतर 9,23,008 दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit