सड़क पर प्रदर्शन से लोकतंत्र नहीं आएगा, वेनेजुएला के विपक्ष को रुबियो की चेतावनी

सड़क पर प्रदर्शन से लोकतंत्र नहीं आएगा, वेनेजुएला के विपक्ष को रुबियो की चेतावनी

वाशिंगटन/ काराकस, 27 अक्टूबर । अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने वेनेजुएला के विपक्ष को सड़क पर प्रदर्शन के जरिए राजनीतिक बदलाव थोपने के प्रयासों के खिलाफ चेतावनी दी है। निर्वासन के बाद विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो के काराकस लौटने के एक दिन बाद उनकी यह टिप्पणी आई है। ट्रंप प्रशासन वेनेजुएला में लोकतांत्रिक चुनावों की दिशा में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।श्री रुबियो ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, “आप सड़क पर प्रदर्शन करके लोकतंत्र हासिल नहीं कर सकते।” उन्होंने हालांकि सुश्री मचाडो का सीधे तौर पर नाम नहीं लिया।

सुश्री मचाडो की वापसी, 2027 में चुनाव कराने की उनकी मांग और वेनेजुएला के मौजूदा नेतृत्व के साथ अमेरिका के बड़े तेल समझौते की उनकी आलोचना से ट्रंप प्रशासन की सत्ता परिवर्तन योजना के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं।’एक्सियोस’ की रिपोर्ट के अनुसार, सुश्री मचाडो और अमेरिकी अधिकारी दोनों इस बात पर सहमत हैं कि वेनेजुएला में चुनाव होने चाहिए, लेकिन वाशिंगटन ने 2027 में चुनाव कराने की उनकी समयसीमा पर सहमति नहीं जताई है। अमेरिकी प्रशासन इससे पहले कई संस्थागत और आर्थिक बदलाव चाहता है।

इनमें वेनेजुएला के उच्चतम न्यायालय में सुधार शामिल है, जहां पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के सहयोगियों का दबदबा है। इसके अलावा, राष्ट्रीय निर्वाचन परिषद में भी सुधार की योजना है। अमेरिका का आरोप है कि परिषद ने पिछले दो राष्ट्रपति चुनावों में श्री मादुरो को धांधली करने में मदद की थी।अमेरिकी विदेश मंत्रालय को उम्मीद है कि इस साल के अंत तक नए न्यायालय का चयन हो जाएगा और अगले साल की शुरुआत तक सुधार के बाद निर्वाचन परिषद गठित कर दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि श्री मादुरो को तीन जनवरी को अमेरिकी बलों ने पकड़कर न्यूयॉर्क पहुंचाया था, जहां उन्हें कथित मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े आरोपों का सामना करना है। फिलहाल वेनेजुएला का शासन पूर्व उपराष्ट्रपति डेल्सी सुश्री रोड्रिगेज के हाथों में है।श्री रुबियो ने चुनाव की तारीख स्पष्ट नहीं की, लेकिन कहा कि अमेरिका वेनेजुएला के मौजूदा नेतृत्व को जनवरी 2029 में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कार्यकाल समाप्त होने तक चुनाव टालने की अनुमति नहीं देगा।

उन्होंने कहा, “अगर वे हमें दो साल तक इंतजार कराने की कोशिश करें तो? ऐसा नहीं होने वाला।”श्री रुबियो ने कहा कि समयसीमा पर सहमति बनी हुई है और अब तक वेनेजुएला के नेतृत्व ने सभी तय समयसीमाओं का पालन किया है।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, नए चुनाव की प्रक्रिया शुरू करने के लिए सुश्री रोड्रिगेज को राष्ट्रपति पद रिक्त घोषित करना होगा। इसके बाद छह महीने के भीतर चुनाव कराना जरूरी होगा।सबसे अनुकूल स्थिति में अगले साल जून में मतदान हो सकता है। अधिकारियों ने हालांकि स्पष्ट किया कि अभी चुनाव की किसी तारीख पर सहमति नहीं बनी है और मतदान 2027 या 2028 में हो सकता है।

श्री रुबियो ने कहा कि वह सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया की निगरानी के लिए अपने पद पर पर्याप्त समय तक बने रहने का इरादा रखते हैं।उन्होंने कहा, “ सबसे अच्छी स्थिति में मैं अगले दो साल और दो महीने तक इस पद पर रहूंगा। इसलिए मेरा स्पष्ट इरादा है कि मेरे प्रशासन छोड़ने से काफी पहले यह प्रक्रिया पूरी हो जाए। ”

सुश्री रोड्रिगेज और सुश्री मचाडो दोनों ने एक-दूसरे का विरोध किया है। मादुरो ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में सुश्री मचाडो को उम्मीदवार बनने से रोक दिया था।सुश्री रोड्रिगेज ने सोमवार को सुश्री मचाडो का नाम लिए बिना कहा कि उन्हें वेनेजुएला के खिलाफ कथित ‘बाहरी हमले’ और ‘बाहरी सैन्य आक्रामकता’ का समर्थन करने पर पछतावा होना चाहिए। उनका इशारा मादुरो को पकड़ने के अमेरिकी अभियान की ओर था।

श्री रुबियो ने कहा कि अमेरिका सुश्री रोड्रिगेज के सार्वजनिक बयानों के बजाय उनके काम के आधार पर उनका आकलन कर रहा है। उनके अनुसार, सुश्री रोड्रिगेज ने वेनेजुएला में ईरान और क्यूबा के प्रभाव को समाप्त करने तथा मादुरो के पूर्व सहयोगी एलेक्स साब को प्रत्यर्पित करने के प्रयासों में अब तक प्रगति की है। साब मादुरो के खिलाफ मामले में अमेरिकी अधिकारियों के साथ सहयोग कर रहे गवाह हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit