ट्रंप ने फिर दोहराई ‘गंदे देश’ वाली टिप्पणी, हैती के आव्रजन विधेयक पर डेमोक्रेट सांसद पर साधा निशाना

ट्रंप ने फिर दोहराई ‘गंदे देश’ वाली टिप्पणी, हैती के आव्रजन विधेयक पर डेमोक्रेट सांसद पर साधा निशाना

वाशिंगटन, 25 अक्टूबर । अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर चुनिंदा देशों के लिए अपमानजनक शब्द इस्तेमाल करते हुए कहा है कि डेमोक्रेटिक पार्टी के सेनिटर जॉन ओसॉफ हैती प्रवासियों को अस्थायी संरक्षण देने के लिए कानून लाना चाहते हैं।

श्री ट्रंप ने जॉर्जिया के पेरी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि श्री ओसॉफ ऐसे विधेयक का समर्थन कर रहे हैं, जिससे उन देशों के प्रवासियों को अमेरिका में रहने की अनुमति मिल जाएगी जो “आतंकवाद से प्रभावित” हैं।

श्री ट्रंप ने कहा, “जॉन ओसॉफ ने व्यक्तिगत रूप से एक ऐसे विधेयक का समर्थन किया है, जो लीबिया, यमन, हैती और सोमालिया जैसे आतंकवाद से प्रभावित देशों से बड़ी संख्या में प्रवासियों को लाने की अनुमति देगा। याद है मैंने उन्हें क्या कहा था? ये गंदे देश हैं।”उन्होंने कहा, “याद है, मुझे कितनी आलोचना झेलनी पड़ी थी? याद है, डेमोक्रेट्स ने मेरी कितनी आलोचना की थी?” उन्होंने 2018 में सीनेटरों के साथ आव्रजन नीति पर हुई बैठक के दौरान की गई अपनी टिप्पणी को लेकर हुए विवाद का जिक्र किया।

श्री ट्रंप ने अमेरिका में रहने वाले सोमाली लोगों को लेकर भी अपुष्ट दावे किए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनमें से 98 प्रतिशत लोग काम नहीं करते और चोरी से लाभ उठाते हैं। उन्होंने कहा, “आप जानते हैं, यहां सोमालिया से आए हमारे 98 प्रतिशत लोग काम नहीं करते। उन्हें काम करने की जरूरत भी नहीं है, क्योंकि वे इतनी चोरी करते हैं कि सभी के पास मर्सिडीज-बेंज है।” उन्होंने आगे कहा, “उनका आईक्यू कम है और वे आपसे बेहतर जीवन जीते हैं।”वर्ष 2018 की बैठक का जिक्र करते हुए श्री ट्रंप ने कहा कि उन्होंने सवाल उठाया था कि अमेरिका उन देशों से प्रवासियों को क्यों स्वीकार करता है, जिन्हें वह अवांछनीय मानते हैं, जबकि यूरोपीय देशों से प्रवासियों को लिया जा सकता है। उन्होंने कहा, “मैंने पूछा था कि हमें हमेशा शिटहाउस देशों से लोगों को क्यों लेना पड़ता है? हम नॉर्वे जैसे देशों से लोगों को क्यों नहीं ले सकते? हां, स्वीडन से? डेनमार्क से क्यों नहीं?”

श्री ट्रंप की आलोचना के केंद्र में रहा सीनेट विधेयक 4814 डेमोक्रेटिक सीनेटर एड मार्की और अन्य सांसदों ने 17 जून को पेश किया था। इसमें गृह सुरक्षा मंत्री से हैती को 20 जनवरी 2029 के तीन महीने बाद तक अस्थायी संरक्षित दर्जा देने की मांग की गई थी। श्री ओसॉफ ने इस विधेयक के सह-प्रस्तावक के रूप में इसका समर्थन किया था। अस्थायी संरक्षित दर्जा उन देशों के पात्र नागरिकों को अमेरिका में रहने और काम करने की अनुमति देता है, जहां की परिस्थितियों के कारण उनकी सुरक्षित वापसी संभव नहीं होती।श्री ट्रंप की ताजा टिप्पणी जनवरी 2018 के विवाद की याद दिलाती है। उस समय खबरें आई थीं कि व्हाइट हाउस में सीनेटरों के साथ आव्रजन पर चर्चा के दौरान उन्होंने इसी अपमानजनक शब्दावली का इस्तेमाल किया था। बताया गया था कि उनकी टिप्पणी हैती और अफ्रीकी देशों के संदर्भ में थी और उन्होंने सवाल उठाया था कि अमेरिका नॉर्वे जैसे देशों के बजाय वहां से प्रवासियों को क्यों स्वीकार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit