
लखनऊ, 1 अगस्त । उत्तर प्रदेश में मानसून के पूर्वार्द्ध (जून-जुलाई) के दौरान अपेक्षाकृत कमजोर वर्षा के बाद अगस्त और मानसून के शेष चरण को लेकर मौसम विभाग ने मिश्रित परिदृश्य व्यक्त किया है।विभाग के अनुसार प्रदेश के 50 जिलों में जून-जुलाई के दौरान सामान्य से कम अथवा अत्यंत कम वर्षा दर्ज की गई, जिसके कारण अब तक प्रदेश में कुल समेकित मानसूनी वर्षा सामान्य से लगभग 27 प्रतिशत कम रही है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में सक्रिय मध्यम अल-नीनो के आगामी सप्ताहों में और मजबूत होने की संभावना है। वहीं हिन्द महासागर में तटस्थ हिन्द महासागरीय द्विध्रुव के अगस्त में बने रहने तथा सितंबर के दौरान आंशिक रूप से सकारात्मक स्थिति में पहुंचने की संभावना है। इन वैश्विक मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से अगस्त तथा मानसून के उत्तरार्द्ध (अगस्त-सितंबर) में प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं सामान्य अथवा सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है, जबकि प्रदेश के अधिकांश भागों में औसत वर्षा सामान्य से कम रहने के आसार हैं।विभाग का अनुमान है कि पूरे मानसून सीजन में उत्तर प्रदेश की कुल समेकित वर्षा सामान्य से कम रहने की संभावना सबसे अधिक है। इसके साथ ही अगस्त महीने के दौरान प्रदेश में औसत तापमान भी सामान्य से अधिक रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है। हालांकि अल्पकालिक पूर्वानुमान राहत के संकेत दे रहा है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान पर केंद्रित सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के धीरे-धीरे कमजोर होने और मानसूनी द्रोणी के उत्तर की ओर अपनी सामान्य स्थिति में लौटने के साथ मानसूनी प्रवाह के मजबूत होने की संभावना है। इसके प्रभाव से आगामी सप्ताह के दौरान उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय होने, अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा होने तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 50 मिमी वर्षा मिर्जापुर के चुनार में दर्ज की गई। इसके अलावा अंबेडकरनगर के जलालपुर में 37.4 मिमी, प्रतापगढ़ के पट्टी में 24 मिमी, आजमगढ़ में 21 मिमी तथा जौनपुर सीडब्ल्यूसी में 20.2 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक 18 मिमी वर्षा बरेली में दर्ज हुई।मौसम विभाग के अनुसार राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा हल्की वर्षा की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।