चुनाव हारने पर विपक्ष चुनाव आयोग को दोष देता है, विशेष सत्र बुलाकर चर्चा कर लें, हम तैयार हैं- अमित शाह

चुनाव हारने पर विपक्ष चुनाव आयोग को दोष देता है, विशेष सत्र बुलाकर चर्चा कर लें, हम तैयार हैं- अमित शाह

लखनऊ, 30 अक्टूबर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए लगातार तीसरी बार प्रदेश में पार्टी की सरकार बनने का दावा किया।उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि चुनाव आयोग को लेकर विशेष सत्र बुलाकर चर्चा कर लीजिए, भाजपा इसके लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी चुनाव में हार होती है तो विपक्ष चुनाव आयोग को दोष देने लगता है।

श्री शाह ने कहा कि गुजरात, हरियाणा, अरुणाचल प्रदेश और असम में भाजपा कई बार सरकार बना चुकी है। बिहार में पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री बना है और ओडिशा में पार्टी ने बहुमत की सरकार बनाई है। अब उत्तर प्रदेश की बारी है। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा और अखिलेश बाबू, अभी 30 साल तक कोई दूसरी सरकार नहीं आने वाली। इसके पीछे उत्तर प्रदेश की जनता का भाजपा के साथ होना है। उन्होंने कहा कि पूरे देश में भगवा दिखाई दे रहा है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि मोदी जी तीन बार प्रधानमंत्री बन चुके हैं। अगर इसी तरह काम करते रहे तो चौथी बार भी प्रधानमंत्री बनेंगे। शाह ने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी कि केवल बड़े पदों की आकांक्षा रखने से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीन पर मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा, ”हो सकता है कि हम सांसद बनना चाहते हों, लेकिन जिला पंचायत सदस्य बनकर रह गए हों।”

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करना है तो जमीन पर काम करना होगा। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच अपनी सक्रियता बढ़ानी होगी और संगठन को मजबूत करना होगा। शाह ने दोहराया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार अंगद के पैर की तरह है, जिसे कोई हिला नहीं सकता।गौरतलब है कि भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 30 और 31 अक्टूबर को लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit