
मुंबई, 08 अगस्त। सोनी सब के धारावाहिक ‘यादें’ में अब वरिष्ठ अभिनेत्री उषा बचानी की एंट्री होने जा रही है। वह शो में वर्तिका का किरदार निभा रही हैं, जिन्हें प्यार से ‘आई साहेब’ कहा जाता है। वर्तिका, दिग्विजय उर्फ दिग्गी (अर्जुन पुंज) की मां हैं और उनके आगमन से कहानी में भावनाओं और रिश्तों की एक नई परत जुड़ने की उम्मीद है।‘यादें’ अपने हास्य और दिलचस्प चिकित्सकीय मामलों के मिश्रण के जरिए दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। शो में डॉक्टर देव मेहता (इकबाल खान) का जीवन बदलते रिश्तों और अप्रत्याशित घटनाओं के बीच लगातार नए मोड़ ले रहा है। वहीं, दिग्विजय और डॉक्टर सृष्टि (गुलकी जोशी) शादी के बाद अपने जीवन के नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहे हैं।वर्तिका एक गरिमामयी महिला हैं, जो मजबूत मूल्यों और अटल सिद्धांतों में विश्वास रखती हैं। मराठी परंपराओं और अपनी विरासत से गहराई से जुड़ी वर्तिका का मानना है कि व्यक्ति का वास्तविक चरित्र उसके रोजमर्रा के व्यवहार से सामने आता है। वह ईमानदारी, सम्मान और निरंतरता को सबसे अधिक महत्व देती हैं। अपने बेटे दिग्गी के साथ उनका गहरा रिश्ता कहानी में भावनात्मक गर्माहट लाने वाला है। वहीं, अपनी बहू से उनकी ऊंची अपेक्षाएं भी कहानी को दिलचस्प बनाने वाली हैं।
अपने किरदार वर्तिका के बारे में उषा बचानी ने कहा कि जब उन्होंने पहली बार वर्तिका के बारे में पढ़ा तो वह उनकी गरिमा और शांत व्यक्तित्व से तुरंत प्रभावित हो गईं। उन्होंने कहा कि वर्तिका परंपराओं को महत्व देती हैं और यही खूबी उन्हें बेहद खास बनाती है। उन्हें अपने बेटे दिग्गी पर बेहद गर्व है और मां-बेटे का रिश्ता उनके किरदार की यात्रा का सबसे भावुक हिस्सा है।उषा बचानी ने ‘यादें’ से जुड़ने पर उत्साह जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि दर्शक ‘आई साहेब’ के किरदार को पसंद करेंगे और उनकी यात्रा से जुड़ेंगे।
‘यादें’ का प्रसारण सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात आठ बजे किया जाता है।