
मुंबई, 03 नवंबर । अभिनेत्री और निर्माता ऋचा चड्ढा की आगामी नॉन-फिक्शन सीरीज ‘मुसाफिरी’ के टाइटल ट्रैक के लिए मशहूर संगीतकार स्नेहा खानवलकर के साथ साझेदारी की गई है। स्नेहा ने इस गीत को संगीतबद्ध करने के साथ अपनी आवाज भी दी है।भारत की विविध संस्कृतियों, परंपराओं और अनकही कहानियों को सामने लाने वाली इस सीरीज का टाइटल ट्रैक देश की खूबसूरती और अलग-अलग स्थानों को जानने की उत्सुकता को संगीत के माध्यम से व्यक्त करता है।
‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ के संगीत और ‘द साउंड ट्रिपिन’ जैसे अनूठे म्यूजिक शो के लिए चर्चित स्नेहा खानवलकर ने इस गीत में सफर, जिज्ञासा और नई जगहों की खोज के भावों को खूबसूरती से पिरोया है। यह गीत केवल पर्यटन स्थलों तक सीमित न रहकर भारत की विविधता और अनसुनी कहानियों से रूबरू कराता है।ऋचा चड्ढा ने कहा कि स्नेहा उनकी अच्छी दोस्त हैं और उनके पास भारत की हजारों कहानियों को संगीत में ढालने की अनूठी क्षमता है। उन्हें इस गीत की धुन बेहद पसंद है, जिसमें जिज्ञासा, शरारत और कहीं-कहीं लोरी जैसी मिठास भी है।
ऋचा ने बताया कि उनकी पहली फिल्म ‘ओए लकी! लकी ओए!’ स्नेहा की भी पहली फिल्म थी। बतौर निर्माता उनकी पहली फिल्म ‘गर्ल्स विल बी गर्ल्स’ में भी स्नेहा का एक गीत था और अब उनकी पहली सीरीज में भी वह साथ हैं। ऋचा ने स्नेहा को अपना लकी चार्म बताया।स्नेहा खानवलकर ने कहा कि ऋचा की अपनी अलग और मजबूत सोच है। उन्होंने पत्रकारिता की पढ़ाई और अपनी समझ का इस्तेमाल ‘मुसाफिरी’ जैसे रोचक कार्यक्रम में किया है। यह शो दर्शकों को ऐसी जगहों और संस्कृतियों से परिचित कराता है, जिनके बारे में आमतौर पर बहुत कम जानकारी होती है।
स्नेहा ने बताया कि ऋचा के कहने पर उन्होंने पहले एक साधारण लय वाला संगीत तैयार कर भेजा था, जिसमें कुछ ऐसे शब्दों और धुनों का इस्तेमाल किया गया था, जिनका कोई निश्चित अर्थ नहीं था। बाद में ऋचा ने स्वयं उस पर गीत के बोल लिखे, जिन्हें स्नेहा ने अपनी आवाज में रिकॉर्ड किया। उन्होंने ऋचा के साथ काम करने को हमेशा आनंददायक बताया।