यूपी में 80वां स्वतंत्रता दिवस: तिरंगे की छांव में राष्ट्रवाद, विकास और लोकतंत्र का संदेश

यूपी में 80वां स्वतंत्रता दिवस: तिरंगे की छांव में राष्ट्रवाद, विकास और लोकतंत्र का संदेश

लखनऊ, 15 अगस्त । उत्तर प्रदेश में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के माहौल में मनाया गया। राजधानी लखनऊ से लेकर प्रदेश के सभी जिलों तक सरकारी, अर्द्धसरकारी, शैक्षणिक, धार्मिक और राजनीतिक संस्थानों में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, वृक्षारोपण, सम्मान समारोह तथा स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के आयोजन हुए।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन के समक्ष आयोजित राजकीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल राजनीतिक आजादी नहीं, बल्कि गरीबी, अशिक्षा, पिछड़ेपन और असमानता से मुक्ति का भी संकल्प है। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीद जवानों और सुरक्षा बलों को नमन करते हुए विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी का आह्वान किया।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने जन भवन में ध्वजारोहण कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस आत्ममंथन और राष्ट्र निर्माण में योगदान का अवसर है। राज्यपाल ने नागरिकों से जनगणना में सही जानकारी देने तथा समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान में सहयोग की अपील की।उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज स्थित भाजपा कार्यालय में ध्वजारोहण कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आर्थिक और सामरिक महाशक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘शक्ति सप्त धारा’ आह्वान को विकसित भारत की आधारशिला बताया।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने ध्वजारोहण किया। धर्मपाल सिंह ने कहा कि तिरंगा देश के सम्मान, स्वाभिमान और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है तथा केंद्र व प्रदेश सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है।समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसका राष्ट्रवाद सीमित सोच वाला है, जबकि सपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के मूल्यों की रक्षा का आह्वान किया।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने तिरंगा फहराया और महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू तथा इंदिरा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस अमर शहीदों के बलिदान को याद करने का दिन है तथा देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखना सभी की जिम्मेदारी है।बसपा अध्यक्ष मायावती ने स्वतंत्रता दिवस पर जारी संदेश में देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय उत्सव मनाने के साथ-साथ सरकारों की जवाबदेही, संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती और युवाओं की आकांक्षाओं पर भी गंभीरता से विचार होना चाहिए।

धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जहां बाबा विश्वनाथ का तिरंगा श्रृंगार किया गया और राष्ट्र की समृद्धि व अखंडता के लिए विशेष प्रार्थना हुई। गोरखपुर में पूर्वोत्तर रेलवे तथा बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में भी भव्य ध्वजारोहण और परेड आयोजित की गई।जौनपुर में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने ध्वजारोहण कर 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को दोहराया। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन ने कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और वृक्षारोपण किया।

चित्रकूट में जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने ध्वजारोहण के बाद चौकीदारों को 90 साइकिलें वितरित कीं। उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए राष्ट्रगीत की पंक्ति ‘सुजलाम् सुफलाम्’ का अर्थ समझाया और युवाओं को विकसित भारत का आधार बताया।कानपुर में पुलिस कमिश्नरेट और कलेक्ट्रेट में समारोह आयोजित हुए। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल तथा जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और जनहित के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई।

फिरोजाबाद में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की उपस्थिति में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया तथा स्वतंत्रता सेनानी परिवारों को श्रद्धांजलि दी गई।जालौन के राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में प्रधानाचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम में वृक्षारोपण, मरीजों को फल एवं मिष्ठान वितरण तथा स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर विचार व्यक्त किए गए।

ग्रेटर नोएडा में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर देता है तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की प्रेरणा देता है।प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिलाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने ध्वजारोहण के साथ स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। कई स्थानों पर वृक्षारोपण अभियान, सम्मान समारोह, रक्तदान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।

शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक प्रस्तुत किए। सरकारी कार्यालयों, पुलिस लाइनों, मेडिकल कॉलेजों, रेलवे प्रतिष्ठानों तथा पंचायत स्तर तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की झलक दिखाई दी। मुख्यमंत्री ने पूर्व में इस अभियान को जनांदोलन बनाने का आह्वान किया था।प्रदेश भर में आयोजित समारोहों का केंद्रीय संदेश यही रहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति कर्तव्य निभाने का संकल्प भी है। तिरंगे की छांव में शहीदों को नमन करते हुए लोगों ने विकसित, आत्मनिर्भर और समरस भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *