
लखनऊ, 06 सितंबर । उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को औरैया के बिधूना में राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की भाजपा सरकार संविधान और कानून के मुताबिक नहीं चल रही है और हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार न रोजगार दे पा रही है, न महंगाई कम कर पा रही है और न ही कानून-व्यवस्था संभाल पा रही है।
श्री अखिलेश ने सहारनपुर में मस्जिद गिराए जाने के मामले पर कहा कि भाजपा सौहार्द विरोधी है। यदि किसी पक्ष को न्याय के लिए उच्च न्यायालय या उच्चतम न्यायालय जाने का अवसर ही नहीं दिया जाएगा और 12 घंटे में कार्रवाई कर दी जाएगी तो न्याय कैसे मिलेगा।उन्होंने कहा कि मस्जिद गिराने की इतनी जल्दी क्या थी। प्रशासन की कार्रवाई से लोग दुखी हैं और चुप हैं, लेकिन यही लोग मिलकर सांप्रदायिक भाजपा को हटाने का काम करेंगे।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सच्चा सनातनी, संत और हिंदू कभी दूसरे धर्म का अपमान नहीं कर सकता। हमारी परंपरा में ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का भाव रहा है। प्रधानमंत्री विदेशों में इसकी बात करते हैं, लेकिन भाजपा देश और प्रदेश में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रही है।उन्होंने प्रदेश की सड़कों, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। कहा कि एक्सप्रेस-वे टूट रहे हैं, सड़कों पर गड्ढे हैं और बजट की लूट हो रही है। पुलिस पर अन्याय करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने डायल-100 व्यवस्था को भी बर्बाद कर दिया।
उन्होंने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार जीडीपी के सही आंकड़े नहीं बता रही है। बेरोजगारी, महंगा डीजल-पेट्रोल, बढ़ती चीनी की कीमत और किसानों को खाद-बीज न मिलने का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यदि यही स्थिति है तो सरकार की बताई जीडीपी पर भरोसा कैसे किया जाए।उन्होंने भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा के प्रभारी से जुड़े वीडियो का कारण लोगों को पता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों के खातों में करोड़ों रुपये आने की खबरें सामने आ रही हैं।
श्री अखिलेश ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ घटनाएं हो रही हैं और कई जगह पुलिस भी अपराध में शामिल बताई जा रही है।उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सपा गठबंधन सरकार बनाने जा रही है और भाजपा सरकार के सौ दिन से ज्यादा नहीं बचे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के अंतिम दिनों में भुगतान और कमीशन का खेल चल रहा है। साथ ही भाजपा पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जरिए विपक्ष के खिलाफ गंदगी फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा भी इसका जवाब देना जानती है।उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भाजपा गरीबों को शिक्षा से वंचित करने की साजिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर और पूर्ववर्ती सरकारों ने समाज की तरक्की के लिए शिक्षा को बढ़ावा दिया था, लेकिन भाजपा सरकार स्कूल बंद कर रही है।उन्होंने राम मंदिर में चोरी के सवाल पर कहा कि जो राम हैं, वही कृष्ण हैं और दोनों में कोई भेद नहीं है। उन्होंने कहा कि मंदिर में चोरी करने वालों के खिलाफ संविधान और कानून के तहत कार्रवाई हो रही है।
श्री अखिलेश ने आरोप लगाया कि मंदिर के चढ़ावे और चंदे में भी चोरी हुई है।