शिक्षक-स्नातक विप चुनाव में 55.24 प्रतिशत मतदान, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक खंड में सर्वाधिक 79.01 फीसदी वोटिंग

शिक्षक-स्नातक विप चुनाव में 55.24 प्रतिशत मतदान, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक खंड में सर्वाधिक 79.01 फीसदी वोटिंग

लखनऊ, 23 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिये शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में शुक्रवार शाम चार बजे तक औसतन 55.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की तुलना में अधिक उत्साह दिखाया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सर्वाधिक 79.01 प्रतिशत मतदान हुआ। बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड में 73.69 प्रतिशत, वाराणसी शिक्षक खंड में 68.21 प्रतिशत, आगरा शिक्षक खंड में 63.84 प्रतिशत और मेरठ शिक्षक खंड में 60.80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। लखनऊ शिक्षक खंड में 50.92 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में आगरा खंड में सर्वाधिक 51 प्रतिशत मतदान हुआ। इलाहाबाद-झांसी खंड में 41.40 प्रतिशत, वाराणसी खंड में 41.01 प्रतिशत, मेरठ खंड में 39.81 प्रतिशत और लखनऊ खंड में 38.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान के दौरान समाजवादी पार्टी ने कई स्थानों पर मतदाता सूची में गड़बड़ी और मतदाताओं को मतदान से रोकने के आरोप लगाए। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव और शिवपाल सिंह यादव ने भी इन शिकायतों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। वहीं, नेताओं ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों की जीत का दावा किया।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के शाम चार बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में गोरखपुर-फैजाबाद सबसे आगे रहा, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में आगरा में सर्वाधिक मतदान हुआ। लखनऊ स्नातक खंड में सबसे कम 38.02 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit