
लखनऊ, 23 अक्टूबर । केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पांच लाख रुपये के रिश्वत मामले में लखनऊ स्थित प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय के एक प्रवर्तन अधिकारी और एक हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है।सीबीआई की जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई। मामले के अनुसार आरोपी हेड कांस्टेबल ने शिकायतकर्ता के पिता से ईडी के एक मामले में राहत दिलाने के एवज में रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता को अगस्त-सितंबर के दौरान ईडी के लखनऊ जोन से दो समन मिले थे।
जानकारी मिलने पर सीबीआई ने जाल बिछाकर आरोपी हेड कांस्टेबल को प्रवर्तन अधिकारी की ओर से 5,00,000 रुपये की रिश्वत मांगते और स्वीकार करते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की जांच जारी है।