मोदी ने वाराणसी में अरविंद लिमिटेड के गारमेंट निर्माण सयंत्र का किया शुभारंभ

मोदी ने वाराणसी में अरविंद लिमिटेड के गारमेंट निर्माण सयंत्र का किया शुभारंभ

वाराणसी, 25 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित खोचवां में अरविंद लिमिटेड के नवनिर्मित गारमेंट निर्माण संयंत्र का लोकार्पण किया। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से सात से आठ एकड़ भूमि पर स्थापित इस इकाई से पूर्वांचल में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।प्रधानमंत्री श्री मोदी ने संयंत्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से संवाद किया और उनके काम, अनुभवों तथा चुनौतियों के बारे में जानकारी ली। कंपनी में स्थानीय महिलाओं को प्राथमिकता दी गई है। अब तक 300 से अधिक महिलाओं की भर्ती की जा चुकी है, जिन्हें इकाई में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

कंपनी के अनुसार इस औद्योगिक परियोजना के आगामी चरणों में उत्पादन क्षमता का विस्तार किया जाएगा, जिससे हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध होने की संभावना है। यहां स्पोर्ट्सवियर, अंडरगारमेंट्स और अन्य परिधानों का निर्माण किया जाएगा। जॉकी, यूएस पोलो और एरो जैसे ब्रांडों के लिए भी यहां उत्पादन प्रस्तावित है।पूर्वांचल में अरविंद लिमिटेड का यह पहला बड़ा निर्माण संयंत्र है। इससे क्षेत्र में कपड़ा एवं परिधान निर्माण से जुड़े औद्योगिक इकोसिस्टम को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और कौशल विकास को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री ने लोकार्पण के बाद कंपनी के पदाधिकारियों से उत्पादन प्रक्रिया, कपड़ों की गुणवत्ता और इस्तेमाल होने वाली सामग्री के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ‘अपना हुनर, अपनी पहचान’ की भावना के अनुरूप प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अरविंद लिमिटेड द्वारा उत्पादित कपड़ों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।अरविंद लिमिटेड की स्थापना वर्ष 1931 में हुई थी। कंपनी का मुख्यालय गुजरात के अहमदाबाद में है। कंपनी डेनिम, सूती और लिनेन के कपड़ों सहित विभिन्न प्रकार के फैब्रिक तथा तैयार परिधानों के कारोबार से जुड़ी है। इसके उत्पादों का इस्तेमाल घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में किया जाता है।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इससे पहले खोचवां पहुंचने पर हेलीपैड पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit