आसमान में गूंजी लड़ाकू विमानों की गर्जना, मोदी ने नमो घाट से देखा ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो

आसमान में गूंजी लड़ाकू विमानों की गर्जना, मोदी ने नमो घाट से देखा ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो

वाराणसी, 25 अक्टूबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित भव्य ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देखा। इस दौरान आसमान में लड़ाकू विमानों की गर्जना से काशी गूंज उठी। करीब सौ विमानों के रोमांचक हवाई करतबों ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।गंगा के ऊपर विमानों के प्रदर्शन के दौरान काशीवासियों ने ‘हर हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी उद्घोष से प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

प्रधानमंत्री के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत अन्य विशिष्टजन मौजूद रहे।एयर शो में भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों, हेलीकॉप्टरों और अन्य विमानों ने अपनी ताकत, कौशल और संतुलन का शानदार प्रदर्शन किया। ‘काशी’ फॉर्मेशन में तीन सूर्य किरण विमानों ने विजय के प्रतीक ‘वी’ आकार में उड़ान भरते हुए गंगा के ऊपर तिरंगे के रंगों की छटा बिखेरी। ‘केदार’ फॉर्मेशन में राफेल विमान ने कम ऊंचाई पर एरोबेटिक करतब दिखाए, जबकि ‘हनुमान’ कॉलसाइन के तहत सुखोई-30 एमकेआई ने हवाई प्रदर्शन किया। विभिन्न फॉर्मेशन और विमानों के रोमांचक प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

एयर शो के दौरान नमो घाट के अलावा काशी के अन्य गंगा घाटों और गंगा के पार रेती पर भी बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रधानमंत्री को अपने बीच पाकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। कार्यक्रम स्थल पर उनके पहुंचते ही ‘हर हर महादेव’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से वातावरण गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने भी लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे और हेलीकॉप्टर से मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां गांव गए। वहां उन्होंने अरविंद मिल के नए गारमेंट एवं अपैरल मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन किया और महिला कर्मचारियों से संवाद किया। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से नमो घाट के लिए रवाना हुए।

पुलिस लाइन से नमो घाट तक मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए खड़े रहे। कई स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने अपने वाहन से बाहर निकलकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उनके स्वागत में ‘मोदी-मोदी’ के नारे भी गूंजते रहे। एयर शो से पहले प्रधानमंत्री को सम्मानित भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit