
लखनऊ, 29 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश में दीपावली, छठ और अन्य त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि दीपावली प्रकाश का पर्व है, इसलिए इस दौरान अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान बिजली उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटकर उन्हें परेशान नहीं किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को बड़े और संगठित बिजली चोरों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने तथा छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं करने की हिदायत दी।
मंत्री ने झटपट पोर्टल पर नए बिजली कनेक्शन के लिए लंबित आवेदनों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था में सुधार लाने पर भी जोर दिया। साथ ही कहा कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों के कारण ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या नहीं झेलनी पड़े।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में बिजली की मांग के अनुरूप ट्रांसफार्मरों की क्षमता पर्याप्त नहीं है, वहां तत्काल क्षमता विस्तार किया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान निर्बाध आपूर्ति बनी रहे। ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस राहत से घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने सीधा लाभ मिलेगा।
श्री शर्मा ने नवसृजित नगर पंचायतों की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इन क्षेत्रों में भी मुख्यालयों की तर्ज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर नगर विकास विभाग अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने के लिए तैयार है। ऐसे में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए।बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी सहित विद्युत विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।