डबल इंजन सरकार ने उत्तराखंड की जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं को छला : खरगे

डबल इंजन सरकार ने उत्तराखंड की जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं को छला : खरगे

नयी दिल्ली, 02 नवंबर । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि उत्तराखंड में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं को छलने का काम किया है इसलिए राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है।श्री खरगे ने उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक के बाद सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि उत्तराखंड की ध्वस्त कानून-व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा की गंभीर स्थिति, सत्ता का अहंकार और जवाबदेही से लगातार पल्ला झाड़ने की प्रवृत्ति ने प्रदेश की जनता को निराश किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता अब हिसाब मांग रही है और बदलाव चाहती है। कांग्रेस जनता के हक और अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक पूरी मजबूती से लड़ रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस का संकल्प जनता का विश्वास जीतकर देवभूमि उत्तराखंड को एक सुरक्षित, संवेदनशील और जवाबदेह सरकार देना है जो जनहित को सर्वोपरि रखे।उत्तराखंड के नेताओं के साथ श्री खरगे के 10 राजाजी मार्ग स्थित आवास पर हुई बैठक में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव (संगठन) के. सी. वेणुगोपाल, उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधानसभा में विपक्ष के नेता यशपाल आर्य, पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह सहित प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शामिल नहीं हुए। बैठक में राज्य की राजनीतिक स्थिति और 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।श्री वेणुगोपाल ने भाजपा पर नफरत, लूट, जमीनों पर कब्जे और कुशासन का आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखंड में मंदिरों को भी चंदा चोरी से नहीं बख्शा गया है और बड़े पैमाने पर पहाड़ों को कॉरपोरेट कंपनियों को सौंपा जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं और महिलाओं को पेपर लीक तथा अंकिता भंडारी मामले में न्याय को लेकर गंभीर अन्याय का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस महासचिव ने दावा किया कि 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से हटाकर कांग्रेस को भारी बहुमत से जिताएगी और जनहित की सरकार सुनिश्चित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Designed and Developed by Prakhar Dixit