
नयी दिल्ली, 02 नवंबर । कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार सुबह राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
श्रीमती गांधी ने लालू यादव की बेटी और सांसद मीसा भारती के आवास पर पहुंचकर उनका हालचाल जाना। इस दौरान मीसा भारती और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
सुश्री भारती ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष को बताया कि उनके पिता की सेहत में सुधार हो रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। श्री यादव के परिवार ने श्रीमती गांधी का गर्मजोशी से स्वागत किया।इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए श्री यादव ने कहा कि श्रीमती सोनिया गांधी उनके आवास पर पहुंचीं और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इस दौरान पुराने दिनों की यादें भी ताजा हुईं। श्री यादव ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन(संप्रग) सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान युवाओं, किसानों, जवानों और आम आदमी के हित में पारदर्शी एवं जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की गई थीं। उन्होंने मनरेगा, शिक्षा का अधिकार (आरटीई) और सूचना का अधिकार (आरटीआई) जैसे कानूनों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों ने देशवासियों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार के दौरान बिहार के विकास के लिए एक लाख 45 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया।